विवादों में घिरा Jalandhar का ASI, थाने के अंदर का वीडियो वायरल, लगे गंभीर आरोप
punjabkesari.in Thursday, Sep 24, 2026 - 03:38 PM (IST)
जालंधर(सोनू): परागपुर चौकी इंचार्ज एएसआई हरदयाल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। दरअसल, थाने में ए.एस.आई के पास एक व्यक्ति नंगल गांव में नशे की कथित बिक्री के खिलाफ शिकायत लेकर पहुंचा था, जिस पर कार्रवाई ना होने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस नेता और ए.एस.आई के बीच बहस हो गई, जिसका वीडियो अब वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, करीब दो दिन पहले नंगल गांव में करण नामक युवक ने कथित तौर पर एक नशा तस्कर को पकड़ने की कोशिश की थी। आरोप है कि इस दौरान उक्त व्यक्ति ने करण के साथ मारपीट की और मौके से फरार हो गया। इसके बाद करण घटना की शिकायत लेकर पुलिस के पास पहुंचा। पीड़ित का आरोप है कि शिकायत देने के बावजूद पुलिस की ओर से तुरंत कार्रवाई नहीं की गई। वह कई बार शिकायत लेकर चौकी के चक्कर काटता रहा। इसी दौरान उसकी चौकी इंचार्ज एएसआई हरदयाल के साथ बहस हो गई।
कांग्रेस नेता भी पहुंचे चौकी
मामले की जानकारी मिलने के बाद कांग्रेस नेता अंगद दत्ता भी परागपुर चौकी पहुंचे। वायरल वीडियो में वह पुलिस से कथित नशा तस्कर के खिलाफ की गई कार्रवाई को लेकर सवाल करते नजर आ रहे हैं। इसी दौरान उनकी पुलिस अधिकारी के साथ बहस हो गई। उन्होंने शिकायतकर्ता की शिकायत पर कार्रवाई न होने और उसके साथ चौकी में कथित तौर पर गलत व्यवहार किए जाने का आरोप लगाया।
चौकी इंचार्ज ने बताई अलग बात
वहीं, चौकी इंचार्ज एएसआई हरदयाल ने मामले को लेकर बताया कि नंगल गांव में दो पक्षों के बीच झड़प हुई थी। एक पक्ष की शिकायत पहले ही ड्यूटी अफसर सुरजीत को दी गई थी। बाद में दूसरे पक्ष की ओर से करण शिकायत लेकर चौकी पहुंचा था। एएसआई के अनुसार, करण को लिखित शिकायत देने के लिए कहा गया था। इसी बात को लेकर विवाद हो गया। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों को दोबारा चौकी बुलाकर उनके बयान दर्ज किए जाएंगे और उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। थाने में वीडियो बनाने को लेकर हुए विवाद पर एएसआई हरदयाल ने कहा कि उन्होंने कांग्रेस नेता से वीडियो न बनाने की अपील की थी, जिसके बाद दोनों के बीच बहस हो गई। फिलहाल मामले में दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग बातें सामने आई हैं। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

