Jalandhar में कांग्रेस का हल्ला बोल! मंत्री मोहिंदर भगत के दफ्तर का घेराव, धक्कामुक्की
punjabkesari.in Saturday, Jun 06, 2026 - 07:32 PM (IST)
जालंधर : टांडा में 19 वर्षीय अर्शदीप के खिलाफ झाड़ू की कथित बेअदबी को लेकर दर्ज एफआईआर के विरोध में शनिवार को कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जालंधर के बस्ती गुंजा स्थित मोहिंदर भगत के कार्यालय का घेराव करने का प्रयास किया। प्रदर्शन को रोकने के लिए पुलिस ने कार्यालय की ओर जाने वाली गली में बैरिकेडिंग कर दी। इस दौरान आगे बढ़ने का प्रयास कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्कामुक्की भी हुई। प्रदर्शनकारियों ने झाड़ू को बिखेरकर अपना रोष जताया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि 19 वर्षीय अर्शदीप के खिलाफ दर्ज एफआईआर को तुरंत रद्द किया जाए।
कांग्रेस के जिला प्रधान रजिंदर बेरी ने कहा कि टांडा में अर्शदीप के खिलाफ झाड़ू को बिखेरने के आरोप में बेअदबी का मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि यह मामला तुरंत वापस लिया जाना चाहिए। रजिंदर बेरी ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार आम लोगों पर लगातार दबाव बना रही है। उन्होंने कहा कि चाहे सरकारी कर्मचारी हों या व्यापारी, हर वर्ग सरकार की नीतियों से परेशान है। कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि अर्शदीप के खिलाफ दर्ज केस को बिना देरी रद्द किया जाए।



