Jalandhar : जल्दी से निपटा लें अपने काम, 3 दिन बंद रहेंगे फर्द केंद्र, पढ़ें पूरा मामला

punjabkesari.in Friday, Feb 27, 2026 - 11:18 AM (IST)

जालंधर (चोपड़ा): फर्द केंद्र कंप्यूटर ऑपरेटर एसोसिएशन (रजि.) के प्रतिनिधियों के एक शिष्टमंडल ने सहायक कमिश्नर आदित्य गुप्ता को डी.सी. के नाम मांगपत्र सौंपते हुए फर्द केंद्रों का कार्य 5 से लेकर 7 मार्च तक तीन दिनों तक पूरी तरह से बंद रखने की चेतावनी दी।

एसोसिएशन के पदाधिकारियों नानक राम, रजत दयाल, राकेश कुमार, मोहित शर्मा ने बताया कि पंजाब भर में करीब 900 से अधिक डाटा एंट्री ऑपरेटर पिछले 15 से 18 वर्षों से सेवाएं दे रहे हैं। उन्हें पंजाब के माल रिकार्ड को कंप्यूटरीकृत करने और लोगों को आधुनिक सुविधाएं देने के लिए सी.एम.एस. कंप्यूटर्स लि. के माध्यम से नियुक्त किया गया था।

उन्होंने कहा कि जमाबंदी, खसरा गिरदावरी और इंतकाल दर्ज करने के अलावा उनसे कई अन्य सरकारी कार्य भी लिए जाते हैं, जिनमें 10 लाख बीमा कार्ड योजना, डी.सी.एस. ड्यूटी, ततीमा कटिंग, पी.एम. किसान योजना, कर्ज माफी एंट्रियां, स्पैशल गिरदावरी, फसल खराबा सर्वे, चुनाव ड्यूटी और कोविड-19 के दौरान फील्ड वर्क शामिल हैं। इसके बावजूद न तो उचित वेतन वृद्धि की गई और न ही कोई लिखित सुरक्षा या सम्मान प्रदान किया गया।

एसोसिएशन ने आरोप लगाया कि कंपनी द्वारा हर साल वेतन बढ़ाने का आश्वासन दिया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। वेतन वृद्धि की मांग करने पर कर्मचारियों को किसी भी राजनीतिक या यूनियन संगठन से न जुड़ने की धमकी दी जाती है।

उन्होंने कहा कि मांगपत्र में प्रमुख मांगों में उन्हें श्रम कानून के अनुसार वेतन दिया जाए और सेवाओं को पंजाब सरकार के माल विभाग के अधीन लाया जाए। वहीं दुर्घटना की स्थिति में ऑपरेटर और उनके परिवार को बीमा सुरक्षा प्रदान की जाए। एसोसिएशन ने चेतावनी दी कि मांगें न मानी गई तो मजबूरन तीखा संघर्ष किया जाएगा।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News