जालंधर में बीमारियों के फैलने का खतरा, नर्क जैसी जिंदगी जीने को मजबूर लोग

punjabkesari.in Sunday, Jan 04, 2026 - 12:57 PM (IST)

जालंधर (चोपड़ा): शहर की इकहरी पुली में पिछले पांच दिनों से सीवरेज का गंदा पानी जमा होने से कोट किशनचंद, लक्कड़ मार्कीट और जगतपुरा क्षेत्र के निवासियों का जनजीवन पूरी तरह से प्रभावित हो गया है। सड़कों पर भरे बदबूदार पानी के कारण लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है, वहीं बीमारियों के फैलने का गंभीर खतरा भी बना हुआ है। इस गंभीर समस्या को लेकर भारतीय जनता पार्टी के नेताओं और कार्यकर्त्ताओं ने पंजाब की आम आदमी पार्टी की सरकार और नगर निगम के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया।

इस मौके पर पंजाब भाजपा कला एवं संस्कृति प्रकोष्ठ के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशनलाल शर्मा ने कहा कि यह समस्या नई नहीं है, बल्कि पिछले लगभग 35 वर्षों से इलाके के निवासी सीवरेज और गंदे पानी की परेशानी झेल रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अब तक किसी भी सरकार और नगर निगम प्रशासन ने इस ओर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया, जिसके कारण लोग नर्क जैसी जिंदगी जीने को मजबूर हैं।

उन्होंने कहा कि यह स्थिति नगर निगम के कुशासन और लापरवाही को उजागर करती है, जो कुंभकर्ण की नींद सोया हुआ है। उन्होंने नगर निगम कमिश्नर और मेयर से मांग की कि इस समस्या का स्थायी समाधान तुरंत किया जाए। प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने कहा कि गंदे पानी से भरी सड़क पर फिसलन के कारण एक एक्टिवा सवार गिरने से चोटिल हो गया। मंडल भाजपा सचिव संदीप तोमर ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि नगर निगम और राज्य सरकार ने जल्द इस समस्या का समाधान नहीं किया तो भाजपा कार्यकर्त्ता सड़कों पर उतरेंगे। इस प्रदर्शन में वरिष्ठ भाजपा नेता सतीश कपूर, दविंदर सिंह, डॉ. वनीत शर्मा, गुरप्रीत सिंह, राकेश कुमार, दविंदर, जगतार सिंह, रमन कुमार आदि मौजूद थे।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News