जालंधर में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, चली गोलियां

punjabkesari.in Wednesday, Feb 04, 2026 - 10:17 AM (IST)

जालंधर/नकोदर (गुरपाल पाली, सोनू): नकोदर पुलिस ने मंगलवार सुबह एक एनकाउंटर के बाद गोल्डी बराड़ और रोहित गोधरा गिरोह से जुड़े दो शूटरों को गिरफ्तार कर एक बड़ी वारदात को नाकाम कर दिया। दोनों आरोपी नकोदर के एक कारोबारी से 5 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने और उसके दफ्तर पर फायरिंग के मामले में वांछित थे।

 

PunjabKesari

एसएसपी जालंधर देहाती हरविंदर सिंह विरक ने बताया कि शिकायतकर्ता मनीष बख्शी उर्फ मन्नू, जो नकोदर में ट्रैवल कंपनी और आईलेट्स सेंटर संचालित करता है, को विदेशी नंबरों से धमकियां दी गई थीं। फिरौती न देने पर उसके कार्यालय के बाहर फायरिंग भी की गई थी, जिसके बाद थाना सिटी नकोदर में संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई थी। आज 4 फरवरी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने नूरमहल रोड पर नाकाबंदी की। इस दौरान मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्धों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी।

PunjabKesari
जवाबी कार्रवाई में आरोपी अंकित कुमार उर्फ अंकित गोली लगने से घायल हो गया, जबकि दूसरे आरोपी हरिंदर गुप्ता उर्फ हरिंदर की टांग टूट गई। दोनों को काबू कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक .30 बोर पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। दोनों आरोपी पहले से दर्ज फिरौती और फायरिंग मामलों में नामजद थे। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News