जालंधर के युवक के साथ हादसा, इंग्लैंड जाने की इच्छा में गंवाई जान, पैरिस से मिला श''व
punjabkesari.in Saturday, Oct 18, 2025 - 12:39 PM (IST)

जालंधर/पेरिस (भट्टी) : गांव भटनूरा जिला जालंधर का अरविंदर सिंह पुत्र अमरजीत सिंह पिछले 7 साल से फ्रांस में रह रहा था। इंग्लैंड जाने की चाहत में उनकी मृत्यु हो गई। इस बारे में ऑरर-डॉन संस्था के प्रबंधक राजीव चीमा ने बताया कि वह अपने अन्य साथियों (लगभग 80 की संख्या में) के साथ नाव से अज्ञात रास्ते से समुद्र पार कर रहे थे।
ट्यूब के आकार की यह नाव, जिसमें ये सभी लोग सवार थे, 15 कि.मी. की दूरी तय करने के बाद पलट गई। बचाव दल ने तुरंत कार्रवाई करते हुए 77 लोगों को बचा लिया, जबकि उक्त पंजाबी युवक समेत 2 अन्य विदेशियों को नहीं बचाया जा सका। अरविंदर सिंह का शव पेरिस से 360 किलोमीटर दूर समुद्र तट पर मिला था। विदेश से दुर्भाग्यपूर्ण समाचार सुनकर परिवार शोक में डूब गया। जहां परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं इलाके में भी शोक की लहर है।
बता दें कि जालंधर के भटनूरा लुबाना गांव का रहने वाला अरविंदर सिंह (29) इंग्लैंड जाने की कोशिश में लापता हो गया था, जिसका शव अब पेरिस से समुद्र के किनारे मिला है। अरविंदर 1 अक्टूबर को फ्रांस से नाव द्वारा इंग्लैंड पहुंचने की कोशिश कर रहे लगभग 80 लोगों के समूह का हिस्सा था। रास्ते में नाव पलट गई, जिससे अफरा-तफरी मच गई और अरविंदर का कहीं पता नहीं चला। परिवार के मुताबिक, उन्हें इस घटना के बारे में 2 अक्टूबर को पता चला जब कपूरथला के चौहाना गांव के एक युवक ने उन्हें फोन किया। उक्त युवक भी उसी नाव पर सवार था। उन्होंने फोन कर बताया कि नाव डूबने के बाद सभी को बचा लिया गया है लेकिन अरविंदर लापता है।
अरविंदर परमिट पर पुर्तगाल गया था
अरविंदर के छोटे भाई अश्विंदर सिंह ने बताया कि वह 18 मई को वर्क परमिट वीजा पर पुर्तगाल गया था और उन्हें वहीं रहना था। 5 सितंबर को उनका बायोमेट्रिक्स भी पूरा हो गया। हालांकि, वहां कुछ युवाओं से मिलने के बाद उन्होंने इंग्लैंड पहुंचने की योजना बनाई। उन्होंने पहले ट्रक से यात्रा करने की कोशिश की लेकिन ट्रक ड्राइवर ने मना कर दिया। इसके बाद उन्होंने नाव से जाने की योजना बनाई। परिवार ने उसे ऐसा जोखिम भरा कदम न उठाने की सलाह दी थी। अरविंदर ने घर पर आखिरी बार 29 सितंबर को बात की थी और नाव से जाने का जिक्र नहीं किया था। दो दिन बाद परिवार को पता चला कि वह उसी नाव पर था जो पलट गई थी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here