चंडीगढ़ से लौटे परिवार के पैरों तले खिसकी जमीन, लाखों के गहनों और 3 देशों की करंसी चोरी
punjabkesari.in Friday, Feb 20, 2026 - 10:14 AM (IST)
लुधियाना (राज): शहर में शातिर चोरों ने भामियां कलां स्थित एक कोठी को निशाना बनाते हुए लाखों की चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। घटना उस वक्त हुई जब परिवार चंडीगढ़ गया हुआ था। जब घर का मालिक अपने परिवार के साथ चंडीगढ़ से वापस लौटा तो उन्हें घटना का पता चला।
चोरों ने घर में घुसने के लिए किसी दरवाजे का ताला नहीं तोड़ा, बल्कि बेहद शातिर तरीके से ड्राइंग रूम की खिड़की का इस्तेमाल किया। खिड़की में जहां एयर कंडीशनर फिट करने के लिए प्लाईवुड लगाई गई थी, चोरों ने उसे वहां से हटाया और घर के भीतर दाखिल हो गए। इसके बाद बड़े आराम से गहने और कैश पर हाथ साफ कर गए। इस मामले में थाना जमालपुर की पुलिस ने अमरीक सिंह की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
घर मालिक अमरीक सिंह ने बताया कि वह परिवार के साथ चंडीगढ़ गया हुआ था। जब एक सप्ताह बाद वापिस घर पहुंचा तो अंदर का नजारा देख दंग रह गया। कमरे का सारा सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी के ताले टूटे हुए थे। चोरों ने ढाई तोले सोने का हार, 4 सोने की चूड़ियां, 2 अंगूठियां और एक सोने की चेन पर हाथ साफ कर दिया। गहनों के साथ-साथ चोर घर में रखी भारी भरकम नकदी और विदेशी करंसी भी समेट ले गए। पीड़ित के मुताबिक घर से 1 लाख 17 हजार रुपये की भारतीय करंसी के अलावा विदेशी करंसी में रखे 530 कनाडाई डॉलर, 430 ऑस्ट्रेलियाई डॉलर और 290 अमेरिकी डॉलर भी गायब हैं। शातिर चोर केवल कैश और जेवर तक ही सीमित नहीं रहे, वे घर से एक कॉम्पैक कंपनी का लैपटॉप और तीन मोबाइल फोन भी चोरी कर ले गए हैं। फिलहाल पुलिस आसपास के कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

