चंडीगढ़ रोड पर तेज रफ्तार का कहर, कार की टक्कर से दूर जा गिरे एक्टिवा सवार, मची चीख पुकार
punjabkesari.in Wednesday, Apr 08, 2026 - 07:36 PM (IST)
लुधियाना (गणेश/सचिन): महानगर में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामला चंडीगढ़ रोड स्थित वीर पैलेस के नजदीक सामने आया है, जहां एक तेज रफ्तार कार और गलत दिशा से आ रही एक्टिवा के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में एक्टिवा सवार 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें एक महिला की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक्टिवा पर 3 लोग सवार होकर गलत दिशा में आ रहे थे। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में आ रही कार से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक्टिवा सवार सड़क पर दूर जा गिरे और मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जमा हो गए और राहत कार्य शुरू कर दिया। लोगों ने बिना समय गंवाए घायलों को उठाकर नजदीकी देव अस्पताल पहुंचाया। हादसे में एक महिला के सिर में गंभीर चोट आई है, जबकि एक युवक की टांग टूट गई और दूसरे का हाथ फ्रैक्चर हो गया है। डॉक्टरों के अनुसार घायलों का इलाज जारी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र में अक्सर वाहन चालक ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करते हुए गलत दिशा में वाहन चलाते हैं, जिसके चलते इस तरह के हादसे आम हो गए हैं। लोगों ने प्रशासन से इलाके में सख्ती बढ़ाने की मांग की है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। वहीं, कार चालक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। हालांकि, सतर्क लोगों ने कार का नंबर नोट कर पुलिस को सौंप दिया है, जिसके आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है। गनीमत यह रही कि इस भीषण हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन घटना ने एक बार फिर ट्रैफिक नियमों की अनदेखी के खतरनाक परिणामों को उजागर कर दिया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे सड़क पर नियमों का पालन करें ताकि इस तरह के हादसों से बचा जा सके।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

