शहर में बेखौफ घूम रहे झपटमारों ने मचाया कोहराम, मासूम को मारी टक्कर और फिर... एक काबू

punjabkesari.in Sunday, Mar 29, 2026 - 10:30 AM (IST)

लुधियाना (राज): महानगर में बेखौफ घूम रहे झपटमारों ने शनिवार की शाम को गणेश नगर रोड पर जमकर कोहराम मचाया। बाइक सवार तीन बदमाशों ने पहले एक व्यक्ति का मोबाइल छीना और फिर भागते समय सड़क किनारे खड़े एक मासूम बच्चे को जोरदार टक्कर मार दी। इस भयानक हादसे में बच्चा खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़ा, जबकि संतुलन बिगड़ने के कारण बदमाशों की सप्लेंडर बाइक भी मौके पर ही फिसल गई। मौके पर मौजूद लोगों का गुस्सा उस समय फूट पड़ा जब उन्होंने बदमाशों को भागने की कोशिश करते देखा। दो झपटमार तो अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से रफूचक्कर होने में कामयाब रहे, लेकिन उनका एक साथी पब्लिक के हत्थे चढ़ गया। फिर क्या था, गुस्साई भीड़ ने पकड़े गए आरोपी की जमकर छित्तर-परेड की और उसकी सारी बदमाशी हवा कर दी।

हादसे का शिकार हुए मासूम आयूष ने अपनी आपबीती सुनाते हुए बताया कि वह सड़क किनारे खड़ा था कि तभी पीछे से काल बनकर आई तेज रफ्तार बाइक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आयूष की बाजू और टांग पर गंभीर चोटें आई हैं। उसे तुरंत लहूलुहान हालत में नजदीकी प्राइवेट क्लिनिक ले जाया गया जहां उसका इलाज जारी है।

हैरानी की बात यह है कि बदमाशों ने वारदात के लिए जिस सप्लेंडर बाइक का इस्तेमाल किया, उसकी फ्रंट नंबर प्लेट पर एक और नंबर प्लेट लगी हुई थी। पुलिस को संदेह है कि ये शातिर बदमाश शहर में वारदातों को अंजाम देने के लिए फर्जी नंबर प्लेटों का खेल खेलते थे। पकड़े गए आरोपी ने अपनी पहचान सलेम टाबरी निवासी के रूप में बताई है और कबूल किया है कि वह अपने दो साथियों संग झपटमारी करने गणेश नगर पहुंचा था।

इलाका निवासियों में पुलिस की ढुलमुल कार्यप्रणाली को लेकर भी रोष देखने को मिला। बताया जा रहा है कि घटना के करीब एक घंटे बाद थाना डिवीजन नंबर 3 की पुलिस मौके पर पहुंची। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर बाइक जब्त कर ली है और फरार साथियों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News