10 साल तक काम कराया, पैसे मांगे तो फैक्ट्री मालिक ने किया अगवा, पिस्तौल तानकर धमकाया
punjabkesari.in Tuesday, Jun 16, 2026 - 08:56 AM (IST)
लुधियाना(राज): चीमा चौक के पास घोड़ा रोड स्थित एक फैक्ट्री में पिछले 10 साल से काम कर रहे मजदूर को उस समय भारी मुसीबत का सामना करना पड़ा, जब उसने अपने हक की गाढ़ी कमाई के पैसे मांगे।
शातिर फैक्ट्री मालिक ने न केवल उसका हिसाब करने से मना कर दिया, बल्कि अपने कारिंदों के साथ मिलकर पीड़ित का अपहरण कर उसे बंधक बना लिया और गोली मारकर जान से मारने की धमकियां दीं।फिलहाल थाना डेहलों की पुलिस ने पीड़ित जितेंद्र के बयानों के आधार पर हरविंदर सिंह उर्फ सन्नी, नीरज कुमार, अनिल कुमार और रोहित के खिलाफ संगीन धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस को दिए बयानों में पीड़ित जितेंद्र ने बताया कि वह 'जासवी स्टोरेज सोल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड' फैक्ट्री में बतौर लेबर काम करता था, जिसका मालिक हरविंदर सिंह उर्फ सन्नी है। हरविंदर सिंह पीड़ित की मेहनत की कमाई के पैसे नहीं दे रहा था और न ही उसका बकाया हिसाब कर रहा था। जब भी जितेंद्र अपने पैसों की मांग करता, तो मालिक अक्सर उसके साथ गाली-गलौज पर उतर आता था। इसी परेशान के चलते जितेंद्र ने बीती 14 अप्रैल 2026 को फैक्ट्री का काम छोड़ दिया।
पीड़ित ने बताया कि वह 12 जून 2026 को गांव पद्दी के शराब ठेके पर मौजूद था। इसी दौरान फैक्ट्री मालिक हरविंदर सिंह उर्फ सन्नी अपने दो वर्करों नीरज कुमार, अनिल कुमार और एक अन्य साथी रोहित के साथ वहां धमक गया। आरोपियों ने सरेआम गुंडागर्दी करते हुए जितेंद्र को जबरन अपनी गाड़ी में बिठाया और अगवा करके फैक्ट्री ले गए। वहां आरोपियों ने पीड़ित को बंधक बना लिया और बुरी तरह गाली-गलौज करते हुए पिस्तौल तान दी। आरोपियों ने उसे साफ शब्दों में धमकी दी कि अगर दोबारा पैसे मांगे तो उसे गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया जाएगा।

