मदद के बहाने बुला किडनैप कर ब्लैकमेल करता था ये गिरोह, ऐसे आया पुलिस के हाथ

punjabkesari.in Sunday, Aug 02, 2020 - 01:29 PM (IST)

होशियारपुर: होशियारपुर में एक व्यक्ति को मदद के बहाने बुलाकर पहले उसे किडनैप कर लिया और फिर उसके कपड़े उतरवाकर उसकी वीडियो बनाकर उससे पैसे मांगना का मामला सामने आया है। थाना हरियाना पुलिस द्वारा 2 महिलाओं सहित 4 व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस को जानकारी देते हुए अशोक चौधरी पुत्र नानू राम निवासी सी-10 बी.एस.एन.एल. कालोनी स्कीम 2 थाना मॉडल टाउन ने बताया कि वह सरकारी नौकरी करता है। 31 जुलाई 2020 को रात करीब 10.15 बजे उसे कश्मीर कौर पत्नी हरदीप सिंह निवासी ढक्की (थाना हरियाना) का फोन आया और उसने आर्थिक सहायता मांगी। महिला से मिलने के लिए जब वह सैंचुरी प्लाई फैक्टरी के पास पहुंचा तो वह उसे बसी कासों में अपने किराए के मकान में ले गई। वहां पर पहले से ही राजिन्द्र कुमार पुत्र राम पाल निवासी तरलोकपुरी (मंडी गोबिंदगढ़), रिकूं पत्नी राजिन्द्र कुमार (मंडी गोबिंदगढ़) व तरसेम पाटिल पुत्र शंकर पाटिल निवासी संधू कालोनी लुधियाना भी मौजूद थे।

उन्होंने कहा कि अब उसका किडनैप हो चुका है और उसके कपड़े उतरवाकर उसकी वीडियो बना ली। इसके बाद उन्होंने उसे धमकाना शुरू कर दिया और 2 लाख रूपए मांगे। पीड़ित ने बताया कि उन्होंने उसका ए.टी.एम. और पासवर्ड ले लिया।

जब वह पैसे निकलवाने गए तो पुलिस को उन पर शक हो गया। फिर सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने सारा मामला पुलिस को बता दिया। पुलिस ने उनकी बताई जगह पर रेड मारकर पीड़ित को छुड़वाया और 2 महिलाओं सहित 2 पुरूषों को गिरफ्तार कर लिया। उनसे बरामद हुए मोबाइल फोन में अन्य कई लोगों की भी अश्लील वीडियो रिकार्ड की गई थी।

वहीं एस.एच.ओ. सुरजीत सिंह का कहना है कि उन चारों आरोपियों पर विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है और आगे की जांच की जा रही है।  

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Edited By

Sunita sarangal

Recommended News

Related News