Punjab: अर्श डल्ला गिरोह के 2 गुर्गे विदेशी पिस्तौलों समेत गिरफ्तार, टली बड़ी वारदात
punjabkesari.in Saturday, Jun 20, 2026 - 07:48 PM (IST)
फरीदकोट (राजन) : फरीदकोट पुलिस ने अर्श डल्ला गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उसके 2 गुर्गों को 2 विदेशी पिस्तौलों और जिंदा कारतूसों समेत गिरफ्तार कर एक संभावित बड़ी वारदात को टाल दिया है। इस संबंध में डीएसपी (इन्वेस्टिगेशन) अवतार सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जानकारी साझा की।
डीएसपी अवतार सिंह ने बताया कि पंजाब सरकार और डीजीपी पंजाब गौरव यादव के दिशा-निर्देशों के अनुसार असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे जीरो टॉलरेंस अभियान के तहत एसएसपी फरीदकोट गुरबंस सिंह बैंस के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई है। यह ऑपरेशन एसपी (इन्वेस्टिगेशन) जोगेश्वर सिंह गोराया के मार्गदर्शन तथा डीएसपी अवतार सिंह की निगरानी में सीआईए स्टाफ के प्रभारी इंस्पेक्टर अमरिंदर सिंह की अगुवाई वाली टीम द्वारा अंजाम दिया गया। उन्होंने बताया कि 16 जून को सीआईए स्टाफ की टीम गांव पंजगराई कलां से ढिल्लवां जाने वाली लिंक सड़क पर बने कच्ची पुल के पास चेकिंग कर रही थी। इस दौरान दो युवक पुलिस पार्टी को देखकर वहां से निकलने की कोशिश करने लगे। शक के आधार पर उन्हें रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से एक विदेशी बेरेटा .30 बोर पिस्तौल सहित 2 जिंदा कारतूस तथा एक ग्लॉक 9 एमएम पिस्तौल सहित 2 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान उपजिंदर सिंह उर्फ गगना निवासी गांव पंजगराई कलां (फरीदकोट) तथा तलविंदर सिंह उर्फ हैप्पी निवासी गांव करमगढ़ (बरनाला) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच के दौरान इनके संबंध अर्श डल्ला गिरोह से जुड़े नवजोत सिंह उर्फ नीतू के साथ सामने आए हैं। जांच के दौरान नवजोत सिंह उर्फ नीतू को भी इस मामले में नामजद कर लिया गया है।
नवजोत सिंह उर्फ नीतू केंद्रीय जेल फरीदकोट में बंद था, जिसे पुलिस टीम ने प्रोडक्शन वारंट पर हासिल किया है। उससे पूछताछ के दौरान गिरोह की गतिविधियों, हथियारों की सप्लाई चेन और अन्य साथियों के बारे में अहम खुलासे होने की संभावना है। पुलिस मामले के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की गहनता से जांच कर रही है। डीएसपी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी है तथा उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट, नशा तस्करी और अन्य गंभीर धाराओं के तहत कुल 7 मामले दर्ज हैं। इसी प्रकार नवजोत सिंह उर्फ नीतू के खिलाफ भी 7 आपराधिक मामले दर्ज हैं। डीएसपी अवतार सिंह ने कहा कि मामले के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक जोड़ने के लिए जांच जारी है और आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां तथा बरामदगी होने की संभावना है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

