लाडोवाल Toll Plaza फिर विवादों में! टोल कर्मचारियों पर अवैध वसूली के लगे आरोप, पढ़ें पूरा मामला
punjabkesari.in Friday, Jun 26, 2026 - 10:37 PM (IST)
लुधियाना (अनिल): नेशनल हाईवे पर स्थित लाडोवाल टोल प्लाजा पर आज उस समय भारी हंगामा हो गया, जब एक व्यक्ति बिना टोल फीस दिए जबरदस्ती अपने रेत से भरे 4 टिप्परों को बिना टोल दिए निकलवा दिया।
जब उक्त धक्केशाही की सूचना टोल प्लाजा के मैनेजर विपिन राय को पता चली तो उनके द्वारा इसकी शिकायत थाना लाडोवाल की पुलिस को दी गई। उसके बाद पुलिस द्वारा बिना टोल दिए टिप्पर निकालने वाले रशपाल सिंह बाली को थाना लाडोवाल में बुलाया गया, जिसने पुलिस की मौजूदगी में 9600 रुपये टोल फीस टोल कर्मचारियों को गूगल पे के जरिए दी।
इस बारे में टोल प्लाजा के मैनेजर विपिन राय ने बताया कि आज सुबह 7 बजे टोल प्लाजा पर एक स्कॉर्पियो सवार व्यक्ति आया, जिसने टोल प्लाजा से रेत से भरे टिप्परों को बिना टोल दिए जबरदस्ती निकाला। इसकी शिकायत पुलिस को देने पर थाने में टोल फीस लेकर अपना समझौता कर लिया गया।
वहीं, इसके बाद थाना लाडोवाल में टोल प्लाजा पर की जा रही अवैध वसूली बारे भी शिकायत दर्ज करवाई गई। उक्त मामले बारे पत्रकार सम्मेलन के दौरान शिकायतकर्ता रशपाल सिंह बाली रंधावा, निवासी डेयरी कॉम्प्लेक्स, पी.ए.यू. ने बताया कि अगर कोई टिप्पर चालक एक नंबर में टोल प्लाजा से रेत और बजरी से भरा टिप्पर निकालता है तो उसकी 3000 रुपये के करीब टोल फीस देनी पड़ती है, परंतु अगर टोल के कर्मचारियों से सैटिंग कर ली जाए तो एक टिप्पर की दो नंबर में 30 हजार रुपये प्रति महीना फीस ली जा रही है और इसमें टोल प्लाजा के कई कर्मचारी शामिल हैं। टोल प्लाजा कर्मचारियों द्वारा इस दो नंबर के पैसे को अपने गूगल पे अकाउंट में वसूल किया जा रहा है, जिसकी न तो कोई रसीद और न ही कोई अन्य दस्तावेज टिप्पर चालकों को दिए जाते हैं।
रशपाल सिंह बाली रंधावा ने बताया कि उन्होंने थाना लाडोवाल में इस संबंधी शिकायत दी है। अगर उस पर कोई कार्रवाई न हुई तो वह इसकी शिकायत केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, पंजाब के मुख्यमंत्री, डी.जी.पी. गौरव यादव के साथ-साथ विजिलेंस ब्यूरो को करेंगे।
अवैध वसूली संबंधी होगी जांच : मैनेजर विपिन राय
जब उक्त मामले बारे लाडोवाल टोल प्लाजा के सीनियर मैनेजर विपिन राय से बात की गई तो उन्होंने बताया कि जिस व्यक्ति रशपाल सिंह बाली द्वारा थाना लाडोवाल की पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई गई है, उसने सुबह टोल प्लाजा से अपने 4 टिप्पर धक्केशाही से बिना टोल दिए निकलवाए थे, जिसकी शिकायत पुलिस को की गई थी। इसके बाद थाने में आकर रशपाल बाली ने टोल फीस उनको दे दी है। उन्होंने बताया कि अगर टोल प्लाजा पर कोई कर्मचारी अवैध तरीके से टिप्परों से वसूली कर रहा है तो उसकी जांच की जाएगी।
क्या कहते हैं थाना प्रभारी
जब मामले बारे थाना लाडोवाल के प्रभारी इंस्पेक्टर सुखविंदर सिंह काहलो से बात की गई तो उन्होंने बताया कि उक्त शिकायत पर पुलिस द्वारा गंभीरता से जांच की जाएगी और अगर अवैध वसूली का कोई भी प्रमाण सामने आया तो कानून मुताबिक सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

