सब्जी मंडी से एक्टिवा चोरी कर भाग रहा युवक लोगों ने दबोचा, जमकर हुई धुनाई
punjabkesari.in Tuesday, Jul 14, 2026 - 01:30 PM (IST)
कपूरथला (ओबराय) : कपूरथला शहर की पुरानी सब्जी मंडी में सोमवार रात एक व्यक्ति की एक्टिवा चुरा रहे युवक का लोगों ने पीछा करके पकड़ लिया। गुस्साए लोगों ने पहले तो उसकी पिटाई की और फिर उसे सिटी थाना पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मंसूरवाल दोना बाईपास निवासी महेंद्र कुमार रात को पुरानी सब्जी मंडी में सब्जी खरीदने आया था। उसने अपनी एक्टिवा मंडी में खड़ी की और पास की दुकान पर कुछ खरीदने चला गया। थोड़ी देर बाद जब वह लौटा तो उसकी एक्टिवा गायब थी। महेंद्र कुमार ने तुरंत अपनी एक्टिवा ढूंढनी शुरू कर दी। इस दौरान किसी ने उसे बताया कि एक युवक अपनी एक्टिवा लेकर लक्कड़ बाजार चौक की तरफ जा रहा है। सूचना मिलने पर उसने स्थानीय लोगों की मदद से युवक का पीछा किया और लक्कड़ बाजार चौक पर उसे पकड़ लिया।
आरोपी के पकड़े जाने के बाद लोगों का गुस्सा भड़क गया। लोगों ने एक्टिवा चोर की जमकर पिटाई की और उसे सिटी पुलिस स्टेशन के हवाले कर दिया। घटना के दौरान मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। सिटी पुलिस स्टेशन के एस.एच.ओ. अमनदीप नाहर ने बताया कि गिरफ्तार युवक ने अपनी पहचान जॉन के तौर पर बताई है, जो लखन कलां का रहने वाला है। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी पहले भी चोरी की घटनाओं में शामिल रहा है या नहीं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

