तेज रफ्तार बाइक की जोरदार टक्कर, दूर तक उछला युवक, तड़पते हुए रास्ते में हुई मौ+त

punjabkesari.in Monday, Aug 31, 2026 - 09:47 AM (IST)

लुधियाना, (राज): गांव मुंडियां कलां में एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित मोटरसाइकिल की चपेट में आने से 31 वर्षीय युवक की मौत होने का दर्दनाक मामला सामने आया है। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया। मृतक के भाई की शिकायत पर थाना फोकल प्वाइंट की पुलिस ने मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

पुलिस को दिए बयानों में मृतक के भाई अभिमन्यु ने बताया कि उसका भाई नवीन कुमार (उम्र करीब 31 वर्ष) बीते 28 अगस्त को अपने किसी निजी काम के सिलसिले में प्राइमरी स्कूल, मुंडियां कलां के पास से गुजर रहा था। जब नवीन स्कूल के नजदीक पहुंचा, तभी आरोपी पवनदीप सिंह ने अपनी मोटरसाइकिल को बेहद तेज रफ्तार और लापरवाही के साथ चलाते हुए नवीन कुमार को सीधी और जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि नवीन कुमार उछलकर सड़क पर गिर पड़ा और उसके सिर व शरीर पर गंभीर अंदरूनी व बाहरी चोटें आईं। हादसे के तुरंत बाद परिजन व स्थानीय लोग खून से लथपथ नवीन को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसने रास्ते में तड़पते हुए दम तोड़ दिया।

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने नवीन कुमार को मृत घोषित कर दिया, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। मृतक के भाई के बयानों के आधार पर पुलिस ने आरोपी बाइक चालक पवनदीप सिंह के खिलाफ तेज रफ्तार, लापरवाही से वाहन चलाने और सड़क हादसे में मौत का कारण बनने की संबंधित धाराओं के तहत मुकद्दमा दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी का कहना है कि पुलिस द्वारा मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है और आरोपी के खिलाफ बनती कार्रवाई की जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika