लुधियाना में तेज रफ्तार केंटर का कहर, महिला की मौ+त, चालक गिरफ्तार

punjabkesari.in Saturday, Aug 22, 2026 - 08:32 AM (IST)

लुधियाना(राज): महानगर में तेज रफ्तार और अनियंत्रित वाहनों के कारण सड़क हादसों में बेकसूर लोगों की जान जाने का सिलसिला जारी है। बस स्टैंड के पास अपनी साली को बस चढ़ाने आए एक व्यक्ति के सामने ही तेज रफ्तार केंटर ने महिला को बुरी तरह कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल महिला ने डीएमसी अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी केंटर चालक को गिरफ्तार कर वाहन को अपने कब्जे में ले लिया है।

पुलिस को दिए बयानों में शिकायतकर्ता जगतार सिंह ने बताया कि बीते 21 अगस्त को वह अपनी साली रणजीत कौर को बस स्टैंड पर छोड़ने के लिए आए हुए थे। जैसे ही रणजीत कौर बस पकड़ने के लिए आगे बढ़ीं, तभी एक तेज रफ्तार टाटा-1109 केंटर बेहद लापरवाही और तेज गति से आया और सीधे रणजीत कौर पर चढ़ा दिया। केंटर की भीषण टक्कर लगने से रणजीत कौर गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ीं और उन्हें कई गंभीर चोटें आईं। जगतार सिंह और आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें गंभीर हालत में दयानंद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती करवाया। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन घावों का ताव न सहते हुए इलाज के दौरान रणजीत कौर की दर्दनाक मौत हो गई।

हादसे के बाद पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर कानूनी कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने जगतार सिंह के बयानों के आधार पर केंटर चालक कुलदीप सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया। दौरान-ए-तफ्तीश पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक कुलदीप सिंह को मौके/इलाके से गिरफ्तार कर लिया है और हादसे में शामिल टाटा-1109 केंटर को भी जब्त कर लिया है। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News