लुधियाना में सुबह-सुबह सैर करने जाने से भी डर रहे लोग, सुरक्षा को लेकर खड़े हो रहे सवाल

punjabkesari.in Sunday, Jul 19, 2026 - 10:45 AM (IST)

लुधियाना (राज): महानगर में बेखौफ घूम रहे बाइकर्स झपटमारों ने पुलिस प्रशासन के सुरक्षा दावों की सरेआम धज्जियां उड़ाते हुए एक वारदात को अंजाम दिया है। इस बार बदमाशों ने सुबह-सुबह सैर पर निकली एक बेकसूर महिला को अपना निशाना बनाया। शातिर झपटमार महिला के गले से करीब डेढ़ तोले की कीमती सोने की चेन झपटकर पलक झपकते ही फरार हो गया। वारदात के बाद सहमी महिला ने शोर मचाया, लेकिन जब तक आस-पास के लोग इकट्ठा होते, आरोपी ओझल हो चुका था। थाना जोड़ेवाल की पुलिस ने पीड़ित महिला सरोज तिवारी के बयानों के आधार पर अज्ञात लुटेरे के खिलाफ केस दर्ज कर इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालना शुरू कर दिया है।

शिकायतकर्ता महिला ने बताया कि बीती 12 जुलाई की सुबह वह हमेशा की तरह अपने घर से सुबह की सैर के लिए निकली थी। वह गांव काकोवाल से गांव नूरवाला की तरफ जाने वाली सड़क पर पैदल जा रही थी। सुबह का समय होने के कारण सड़क पर आवाजाही बेहद कम थी। जब वह सुबह करीब 6:20 से 6:25 बजे के बीच न्यू विशाल कॉलोनी के पास पहुंची, तो वहां घात लगाए बैठे एक झपटमार ने वारदात को अंजाम दे डाला। 

पीड़ित महिला के मुताबिक, जब वह कॉलोनी के मोड़ के पास थी, तभी अचानक उसके पीछे से एक अज्ञात युवक दबे पांव आया। इससे पहले कि महिला कुछ समझ पाती या पीछे मुड़कर देखती, उस शातिर बदमाश ने चीते जैसी फुर्ती दिखाते हुए महिला के गले पर सीधा झपट्टा मारा। बदमाश ने महिला के गले में पहनी हुई करीब डेढ़ तोले वजनी सोने की चेन को खींचकर तोड़ लिया। चेन हाथ में आते ही आरोपी ने वहां से दौड़ लगा दी और गलियों के रास्ते फरार हो गया। झटके के कारण महिला के गले पर भी चोट आई है और वह बदहवास होकर वहीं सड़क पर बैठ गई। लोगों का कहना है कि अगर सुबह के समय भी महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं, तो खाकी की पेट्रोलिंग पर बड़े सवाल खड़े होते हैं।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News