माता रानी चौक मार्केट में खुलेआम शराब पार्टी, रोकने पर युवक को मिली धमकियां

punjabkesari.in Thursday, May 28, 2026 - 01:15 PM (IST)

लुधियाना(गणेश/सचिन): माता रानी चौक मार्केट मंगलवार रात करीब 9:30 बजे उस समय विवादों में घिर गई, जब कुछ लोगों द्वारा दुकानों के बाहर खुलेआम शराब पार्टी करने का मामला सामने आया। बाजार के बीच शराब सेवन और शोर-शराबे से माहौल तनावपूर्ण हो गया। मामले की जानकारी स्थानीय फोटोग्राफर मोनू द्वारा दी गई।

मोनू ने आरोप लगाया कि कुछ लोग खुलेआम शराब पीते हुए कमिश्नर पुलिस के आदेशों और एक्साइज विभाग के नियमों की धज्जियां उड़ा रहे थे। जब उन्होंने इसका विरोध किया और सार्वजनिक स्थान पर शराब सेवन करने से रोका, तो मौके पर मौजूद एक व्यक्ति भड़क गया और धमकी भरे लहजे में कहा कि जो करना है कर लो।

बताया जा रहा है कि इस दौरान बाजार में काफी देर तक हंगामे जैसी स्थिति बनी रही। घटना के बाद मोनू द्वारा तुरंत थाना कोतवाली में सूचना दी गई। ड्यूटी अफसर ने पुलिस टीम भेजने का आश्वासन तो दिया, लेकिन काफी समय तक कोई पुलिस कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा।

बाद में थाना प्रभारी से बातचीत करने पर उन्होंने कहा कि मामले में बनती कार्रवाई की जाएगी। वहीं फोटोग्राफर मोनू द्वारा डिवीजन नंबर-1 कोतवाली थाने में लिखित शिकायत भी दे दी गई है, ताकि मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जा सके।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sunita sarangal

Related News