लुधियाना में गुंडागर्दी की हदें पार: घर में घुसकर महिलाओं को लाठी-डंडों से पीटा, जमकर की तोड़फोड़
punjabkesari.in Tuesday, Jun 09, 2026 - 09:00 AM (IST)
लुधियाना (राज): मोती नगर की मुस्लिम कॉलोनी में पड़ोसियों की गुंडागर्दी का एक खौफनाक मामला सामने आया है। मामूली विवाद के चलते कुछ दबंगों ने एक परिवार को निशाना बनाया। हैरान करने वाली बात यह है कि पुलिस के आने पर आरोपी एक बार तो भाग गए, लेकिन पुलिस के जाते ही उन्होंने दोबारा पूरी तैयारी के साथ घर पर हमला बोल दिया। आरोपियों ने न सिर्फ घर में घुसकर जमकर तोड़फोड़ की, बल्कि घर की महिलाओं को भी बेरहमी से पीटा।
परिवार ने तुरंत पुलिस सहायता नंबर 112 पर किया फोन
पुलिस को दिए बयानों में जरीना खातून ने बताया कि बीती 3 जून को वह अपने परिवार के साथ घर पर मौजूद था। सुबह करीब 11:30 बजे उनके पड़ोस में रहने वाले कुछ लोग उनके घर के बाहर आकर ऊंची-ऊंची आवाज में सरेआम गाली-गलौज करने लगे। माहौल बिगड़ता देख पीड़ित परिवार ने तुरंत पुलिस सहायता नंबर 112 पर फोन कर दिया। पुलिस को आता देख आरोपी उस समय तो मौके से भाग गए। पुलिस के वापस लौटते ही आरोपियों के हौसले और बुलंद हो गए। करीब 1:30 बजे रात आरोपियों ने पूरी योजना के साथ उसके घर पर धावा बोल दिया। आरोपी जबरन घर के अंदर दाखिल हो गए और अंदर रखे सामान की जमकर तोड़फोड़ शुरू कर दी।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ किया केस दर्ज
जब घर की महिलाओं ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो हमलावरों ने मर्यादा की सारी हदें पार करते हुए उसे, उसकी बहू मुस्कान और बेटी राबिया के साथ लाठी-डंडों से बेरहमी से मारपीट की। शोर-शराबा सुनकर जब आसपास के लोग इकट्ठा होने लगे, तो आरोपी पूरे परिवार को जान से मारने की धमकियां देते हुए मौके से फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित परिवार के बयानों पर थाना मोती नगर की पुलिस ने फिरोज, अयूब, अनवर और उसके अज्ञात साथियों पर मामला दर्ज कर लिया है।

