स्कूल छुट्टी के बाद खूनी हमला! 10वीं के छात्र के चेहरे पर ब्लेड से वार, अस्पताल में भर्ती
punjabkesari.in Thursday, Jul 23, 2026 - 12:35 PM (IST)
लुधियाना (विक्की): पंजाब के लुधियाना से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने अभिभावकों और छात्रों को झकझोर कर रख दिया है। मामला एक स्कूल के दो विद्यार्थियों से जुड़ा है, जहां स्कूल की छुट्टी के बाद 10वीं कक्षा की एक छात्रा ने अपने ही सहपाठी छात्र के चेहरे पर कथित तौर पर सर्जिकल ब्लेड से हमला कर दिया।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार को स्कूल की छुट्टी के बाद स्कूल परिसर के बाहर बस के पास छात्रा ने छात्र को बुलाया और अचानक उसके चेहरे पर सर्जिकल ब्लेड से वार कर दिया। हमले के बाद छात्र का चेहरा खून से लथपथ हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्कूल प्रबंधन और शिक्षक मौके पर पहुंचे और घायल छात्र को तुरंत डीएमसी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसके चेहरे पर 22 से 23 टांके लगाए। घायल छात्र के पिता विकास सूद ने थाना पीएयू में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपी छात्रा के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, यह विवाद किचलू नगर स्थित एक ट्यूशन सेंटर में हुई किसी बहस से जुड़ा बताया जा रहा है।
वहीं, छात्रा के परिवार का दावा है कि सर्जिकल ब्लेड छात्र अपने साथ लेकर आया था। इस संबंध में उन्होंने भी पुलिस को शिकायत दी है। थाना पीएयू के प्रभारी इंस्पेक्टर अमृतपाल सिंह ने बताया कि पुलिस मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है। स्कूल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जाएंगे। जांच पूरी होने के बाद सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल घायल छात्र अस्पताल में उपचाराधीन है। वहीं, स्कूल के प्रिंसिपल ने भी कहा है कि संस्थान की ओर से मामले की आंतरिक जांच करवाई जा रही है।

