लुधियाना में पति की हैवानियत! पत्नी की ह+त्या कर मायके वालों को किया फोन, होश उड़ा देगी कहानी
punjabkesari.in Saturday, Aug 22, 2026 - 08:43 AM (IST)
लुधियाना, (राज): सलेम टाबरी इलाके में पारिवारिक कलह के चलते एक पति द्वारा अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कपड़े की दुकान पर काम करने वाले आरोपी पति अक्षय ने शुक्रवार रात मामूली कहासुनी के बाद अपनी पत्नी प्रिया का चुन्नी से गला घोंटकर उसे मौत के घाट उतार दिया। वारदात के बाद आरोपी अपने 4 साल के मासूम बेटे को अपनी बहन के घर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आरोपी पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
दम घुटने से प्रिया की मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत
जानकारी के अनुसार, आरोपी अक्षय अपनी पत्नी प्रिया और 4 साल के बेटे के साथ सलेम टाबरी इलाके में किराए के मकान में रहता था। शुक्रवार की रात पति-पत्नी के बीच किसी घरेलू बात को लेकर तीखी बहस हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर अक्षय ने आपा खो दिया और प्रिया के गले में पड़ी चुन्नी से ही उसका गला बुरी तरह घोंट दिया। दम घुटने से प्रिया की मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने शातिराना अंदाज में सबूत मिटाने और बचने की योजना बनाई। उसने कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर ताला लगा दिया और चाबी को पास में ही छिपाकर रख दिया। इसके बाद वह अपने 4 साल के मासूम बेटे को साथ लेकर गया और उसे अपनी बहन के घर छोड़ आया।
तो अंदर का दृश्य देखकर पैरों तले खिसकी जमीन
शहर से भागने से पहले आरोपी अक्षय ने फिरोजपुर स्थित प्रिया के मायके वालों को फोन किया। उसने झूठी कहानी रचते हुए ससुरालियों से कहा कि 'प्रिया ने फंदे से लटक कर खुदकुशी कर ली है और उसने शव को पंखे से उतारकर बेड पर रख दिया है।' उसने फोन पर परिजनों को कमरे के ताले की चाबी की जगह भी बताई और मोबाइल बंद कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही फिरोजपुर से प्रिया के रिश्तेदार आनन-फानन में लुधियाना पहुंचे। जब उन्होंने बताए गए स्थान से चाबी उठाकर कमरे का ताला खोला, तो अंदर का दृश्य देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। प्रिया का शव बेड पर पड़ा था और उसके गले पर चुन्नी से दबाए जाने के गहरे निशान थे। परिजनों ने तुरंत इसकी सूचना थाना सलेम टाबरी की पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच और मृतका के गले पर मिले निशानों से साफ है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि गला दबाकर की गई हत्या है। पुलिस ने मृतका के मायके पक्ष के बयानों के आधार पर आरोपी पति अक्षय के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर। उसकी तलाश शुरू कर दी है।

