निहंग बाणे की आड़ में लूटपाट करने वाला युवक दबोचा, किरपाण दिखाकर करता था उगाही,सिखाया सबक
punjabkesari.in Monday, Sep 14, 2026 - 09:15 AM (IST)
लुधियाना (राज): महानगर के ट्रांसपोर्ट नगर इलाके में पवित्र निहंग बाणे की आड़ में आम लोगों से पैसे ऐंठने और लूटपाट की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर युवक को निहंग जत्थेबंदी के सदस्यों ने रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोप है कि उक्त युवक अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर इलाके में स्कूटी पर घूमता था और निहंग बाणा पहनकर किरपाण की नोक पर राहगीरों व दुकानदारों से जबरन पैसे छीनता था।
रविवार को बाबा कुलदीप सिंह और उनके साथियों ने जाल बिछाकर दोनों आरोपियों को मौके पर काबू कर लिया। निहंगों ने बाणे की आड़ में गुंडागर्दी करने पर युवक की जमकर छित्तर-परेड की और भविष्य में ऐसी हरकत न करने की सख्त चेतावनी देकर छोड़ दिया। घटना का विवरण देते हुए बाबा कुलदीप सिंह ने बताया कि उन्हें पिछले कुछ दिनों से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ शरारती तत्व निहंगों का बाणा पहनकर ट्रांसपोर्ट नगर व आसपास के इलाकों में गुंडागर्दी कर रहे हैं।जांच में सामने आया कि आरोपी युवक अपने साथी के साथ स्कूटी पर सवार होकर घूमता था और लोगों को किरपाण दिखाकर धमकाता था। कुछ समय पहले आरोपियों ने इलाके के एक पेशेवर फोटोग्राफर को भी हथियार दिखाकर उससे नकदी व कीमती सामान छीनने का प्रयास किया था। रविवार को जब यह युवक दोबारा इलाके में संदिग्ध रूप से घूमते हुए देखा गया, तो बाबा कुलदीप सिंह और उनके अन्य साथियों ने घेराबंदी कर दोनों को धर दबोचा।
पूछताछ के दौरान सामने आया कि पकड़ा गया मुख्य युवक गंभीर रूप से नशे का आदी है और अपने नशे की पूर्ति के लिए उसने बाणे की आड़ लेकर अवैध वसूली का रास्ता चुना था। बाबा कुलदीप सिंह ने रोष जताते हुए कहा कि निहंग सिंहों का बाणा गुरु साहिब की बख्शीश है, जो मजलूमों की रक्षा के लिए जाना जाता है। ऐसे नशेड़ी और असामाजिक तत्व यह पवित्र पोशाक पहनकर आपराधिक वारदातों को अंजाम देते हैं, जिससे समूचे निहंग समाज की छवि आम जनता के बीच खराब होती है। मौके पर मौजूद निहंगों ने पकड़े गए युवक की पहले अच्छी तरह खबर ली और उसके बाद उसे भविष्य के लिए अंतिम चेतावनी दी। युवकों द्वारा दोबारा ऐसी हरकत न करने की मिन्नतें करने पर उन्हें इस शर्त पर छोड़ा गया कि वे दोबारा कभी इलाके में नजर नहीं आएंगे और न ही बाणे की आड़ में किसी से लूटपाट करेंगे। बाबा कुलदीप सिंह ने ट्रांसपोर्ट नगर के व्यापारियों, कामगारों और आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई भी व्यक्ति निहंग बाणे या किसी अन्य वेशभूषा में जबरन पैसे मांगने, धमकाने या लूटपाट की कोशिश करता है, तो तुरंत इसकी सूचना उन्हें या नजदीकी पुलिस थाने को दें। उन्होंने साफ किया कि धर्म और बाणे की आड़ में गुंडागर्दी करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

