Ludhiana ESI डिस्पेंसरी में दबंगई, दवा लेने आई बुजुर्ग महिला से बदसलूकी, भड़के लोगों ने बनाई Video

punjabkesari.in Thursday, Apr 16, 2026 - 03:59 PM (IST)

लुधियाना(राज,गणेश, सचीन): फोकल पॉइंट स्थित ई.एस.आई. डिस्पेंसरी नंबर 3 से मानवता को शर्मसार करने वाला एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में दवाई की पर्ची काटने वाले काउंटर पर बैठा एक युवक अपनी कुर्सी की हनक दिखाते हुए सामने खड़े व्यक्ति के साथ सरेआम गाली-गलौज और बदतमीजी करता नजर आ रहा है। डिस्पेंसरी जैसे सेवा वाले स्थान पर कर्मचारी का यह उग्र रूप देखकर हर कोई दंग है।

कर्मचारी ने बुजुर्ग महिला से किया अभद्र व्यवहार 
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, विवाद उस समय शुरू हुआ जब पर्ची काटने वाला युवक वहां आई एक बुजुर्ग महिला के साथ अभद्र व्यवहार कर रहा था। लाइन में खड़े एक जागरूक युवक को यह सहन नहीं हुआ और उसने कर्मचारी को टोकते हुए बुजुर्ग महिला से तमीज से बात करने की सलाह दी। बस फिर क्या था, काउंटर पर बैठे युवक का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया और उसने बुजुर्ग महिला को छोड़, टोकने वाले युवक पर हमलावर रुख अपना लिया।

पीड़ित युवक ने वीडियो बना की वायरल 
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कर्मचारी बिना किसी डर के युवक को भद्दी-भद्दी गालियां दे रहा है और उसे देख लेने की धमकियां दे रहा है। पीड़ित युवक ने जब इस बदसलूकी का विरोध किया और अपने मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू किया, तो कर्मचारी और भी ज्यादा भड़क गया। कुछ लोगों ने दबी जुबान में बताया कि ई.एस.आई. डिस्पेंसरियों में अक्सर गरीब मजदूरों और बुजुर्गों के साथ ऐसा ही व्यवहार किया जाता है, लेकिन डर के मारे कोई मुंह नहीं खोलता। इस वीडियो के वायरल होने के बाद अब गेंद ई.एस.आई. अस्पताल के उच्च अधिकारियों के पाले में है। अब देखना यह होगा कि विभाग अपने कर्मचारी की इस गुंडागर्दी पर पर्दा डालता है या पीड़ित बुजुर्ग महिला और युवक को इंसाफ दिलाते हुए कोई ठोस उदाहरण पेश करता है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News