मालखाने से ₹1.66 लाख गायब! पूर्व मुख्य मुंशी हवलदार मलकीत सिंह पर FIR
punjabkesari.in Wednesday, Sep 02, 2026 - 09:00 AM (IST)
लुधियाना (राज): पंजाब पुलिस में भ्रष्टाचार और खाकी को शर्मसार करने वाले कर्मियों के खिलाफ चल रहे कड़े रुख के बीच एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। थाना डिवीजन नंबर 3 में पूर्व मुख्य मुंशी (हेड मुंशी) के तौर पर तैनात रहे बर्खास्त हवलदार मलकीत सिंह के खिलाफ थाने के मालखाने में जमा केस प्रॉपर्टी (माल-मुकदमा) की सरकारी नकदी खुर्द-बुर्द करने के आरोप में संगीन धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार, वर्ष 2018 में थाना डिवीजन नंबर 3 में दर्ज एक मामले (मुकदमा नंबर 05, तारीख 03-01-2018, धारा 13A/3/67 गैंबलिंग एक्ट व 7(3) लॉटरी एक्ट) के तहत कुल ₹1,66,160/- (एक लाख छियासठ हजार एक सौ साठ रुपये) की राशि बतौर केस प्रॉपर्टी जब्त की गई थी। नियम के मुताबिक, यह रकम थाने के मालखाने में सुरक्षित रखी जानी थी। जांच में खुलासा हुआ कि तत्कालीन मुख्य मुंशी हवलदार मलकीत सिंह (नंबर 3572) ने इस केस प्रॉपर्टी की पूरी रकम को खुर्द-बुर्द कर दिया और अपने निजी उपयोग में लाकर सरकारी अमानत में खयानत की। इस मामले को लेकर जब थाने के SHO द्वारा पुलिस कमिश्नर को शिकायत दी गई थी। जिसके बाद इसकी गहन तफ्तीश की गई। जांच रिपोर्ट में आरोप सही पाए जाने के बाद मुख्य अफसर (SHO) थाना डिवीजन नंबर 3 को आरोपी पूर्व पुलिसकर्मी के खिलाफ मामला दर्ज करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, आरोपी हवलदार मलकीत सिंह (नंबर 3572, पूर्व मुख्य मुंशी) को उसके पहले के कदाचार के चलते पुलिस विभाग द्वारा पहले ही सेवा से बर्खास्त किया जा चुका है। अब माल-मुकदमे की सरकारी नकदी गायब करने का खुलासा होने पर उसके खिलाफ धोखाधड़ी और अमानत में खयानत समेत कानूनी धाराओं के तहत नया मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

