Ludhiana में बेखौफ घूम रहे हथियारबंद लुटेरों का आतंक, युवक पर हमला कर की लूट

punjabkesari.in Tuesday, Aug 18, 2026 - 09:37 AM (IST)

 लुधियाना (राज): महानगर में बेखौफ घूम रहे हथियारबंद लुटेरों ने लोधी क्लब रोड पर एक युवक को निशाना बनाते हुए दातर से हमला कर दिया। बाइक के टायर में हवा भरवा रहे युवक की पीठ पर लोहे के दातर से वार कर सफेद रंग की कार में सवार लुटेरे उसका पर्स, 3000 रुपये नकद, जरूरी दस्तावेज और स्मार्टफोन लूटकर फरार हो गए। 

पुलिस को दिए बयानों में शिकायतकर्ता ने बताया कि बीते 17 अगस्त को वह अपने दोस्त यश के साथ लोधी क्लब रोड पर न्यू बीआरएस नगर के पास रेलवे लाइनों के समीप अपनी स्प्लेंडर मोटरसाइकिल के टायर में हवा भरवा रहा था। उसी दौरान वहां एक सफेद रंग की कार आकर रुकी, जिसमें तीन युवक सवार थे। कार रुकते ही उसमें से दो बिना दाढ़ी-मूंछ वाले (मोने) युवक बाहर निकले और सीधे पीड़ित की तरफ बढ़े। आरोपियों ने पीड़ित को संभलने का मौका दिए बिना लोहे के तेजधार दातर के उल्टे हिस्से से उसकी पीठ पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से पीड़ित सहम गया। इसके बाद लुटेरों ने जबरन उसकी जेब में हाथ डालकर पर्स छीन लिया, जिसमें 3,000 रुपये नकद और कई जरूरी दस्तावेज मौजूद थे। 

इसके साथ ही आरोपी उसका काले रंग का मोबाइल फोन भी जबरन छीनकर अपनी सफेद कार में सवार होकर मौके से फरार हो गए। वारदात के बाद पीड़ित ने अपने स्तर पर इलाके में पूछताछ और पड़ताल की, जिसमें वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों की पहचान संदीप कुमार और हरप्रीत सिंह के रूप में हुई। शिकायतकर्ता के बयानों और प्राथमिक जांच के आधार पर थाना दुगरी की पुलिस ने नामजद आरोपियों संदीप कुमार, हरप्रीत सिंह और उनके अज्ञात कार सवार साथी के खिलाफ लूटपाट और मारपीट की धाराओं के तहत मुकद्दमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की धरपकड़ के लिए दबिश दी जा रही है और उन्हें जल्द ही लूटे गए सामान सहित गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News