लुधियाना: स्कूल संचालक के परिवार को खत्म करने की चेतावनी, 'डॉनी बल' के एक कॉल ने उड़ाए होश

punjabkesari.in Sunday, Feb 15, 2026 - 12:12 PM (IST)

लुधियाना (राज/विक्की): महानगर में एक बार फिर विदेशी नंबरों से रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकियां देने का सिलसिला शुरू हो गया है। ताजा मामला थाना हैबोवाल के अंतर्गत आते लाडियां खुर्द इलाके का है, जहां अमृत इंडो कनैडियन सीनियर सेकेंडरी स्कूल से संबंधित नवजोत सिंह के परिवार को निशाना बनाया गया है। विदेश में बैठे शातिर गैंगस्टर 'डॉनी बल' ने खौफनाक कॉल कर न सिर्फ फिरौती मांगी, बल्कि पैसे न देने पर पूरे परिवार को खत्म करने की चेतावनी भी दे डाली।

शिकायतकर्ता नवजोत सिंह ने पुलिस को बताया कि उनके पिता हरिमंदर सिंह के मोबाइल पर अचानक +1 (317) 365-8671 नंबर से कॉल आई। फोन उठाने पर दूसरी तरफ मौजूद शख्स ने खुद को खतरनाक गैंगस्टर 'डॉनी बल' बताया। पहले तो परिवार ने कॉल काट दी। उसने दोबारा कॉल और मैसेज कर गालियां दी और कहा कि अगर उसकी डिमांड पूरी नहीं हुई, तो अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहें।

PunjabKesari

जांच में सामने आया है कि धमकी देने वाला डोनी बल कोई छोटा-मोटा अपराधी नहीं, बल्कि बंबीहा-राणा कंडोवालिया गैंग का सक्रिय गुर्गा है। यह वही गैंगस्टर है जिसका नाम फरवरी 2025 में अमृतसर के एक डेयरी संचालक को धमकाने में भी आया था। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, कुंवर दिग्विजय सिंह उर्फ राणा बलाचौरिया की हत्या की साजिश में भी डोनी बल का हाथ रहा है। अब लुधियाना के स्कूल संचालक को निशाना बनाकर उसने पुलिस की नींद उड़ा दी है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना हैबोवाल की पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। साइबर सेल की मदद से कॉल डिटेल्स और लोकेशन खंगाली जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को पकड़ने के लिए तकनीकी पहलुओं पर बारीकी से काम हो रहा है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News