लुधियाना में खौफ का मंजर: खाली प्लॉट में बिछ गई भेड़ों की लाशें, हालत देख उड़े लोगों के होश

punjabkesari.in Friday, Mar 27, 2026 - 11:16 AM (IST)

लुधियाना (राज): जिले में एक बेहद ही सनसनीखेज मामला सामने आया है। गांव भट्टियां के एक खाली प्लॉट में आज उस समय कोहराम मच गया, जब वहां संदिग्ध परिस्थितियों में भारी संख्या में भेड़ों की लाशें पड़ी मिलीं। एक साथ इतनी बेजुबान जानों के खत्म होने की खबर आग की तरह पूरे इलाके में फैल गई और देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों का भारी हुजूम उमड़ पड़ा।

घटना के बाद से पूरे गांव में दहशत और गम का माहौल बना हुआ है। जानकारी के मुताबिक, उक्त प्लॉट में करीब 100 भेड़ें मौजूद थीं, जिनमें से 40 से ज्यादा भेड़ें मृत अवस्था में पाई गईं। हैरानी की बात यह है कि बाकी भेड़ें पूरी तरह से सही-सलामत हैं, लेकिन मरने वाली भेड़ों का मंजर रूह कंपा देने वाला है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मरी हुई सभी भेड़ों के पेट असामान्य रूप से फूले हुए थे, जो किसी गहरे रहस्य की ओर इशारा कर रहे हैं। ग्रामीणों में इस बात को लेकर भारी चर्चा है कि आखिर एक साथ इतनी भेड़ों की मौत कैसे हो गई।

क्या भेड़ों को किसी ने जहर दिया है या फिर यह किसी जानलेवा बीमारी का प्रकोप है? यह अब एक बड़ी जांच का विषय बन गया है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पशु प्रेमी मौके पर एकत्रित हो गए और इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। फिलहाल इन बेजुबानों की सामूहिक मौत का असली कारण पोस्टमार्टम और विस्तृत जांच के बाद ही साफ हो पाएगा। तब तक इलाके में इस रहस्यमयी घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं और डर बना हुआ है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kamini

Related News