लुधियाना में स्मार्ट बाजार में लगी आग का मामला, हुआ चौंकाने वाला खुलासा

punjabkesari.in Sunday, Mar 22, 2026 - 10:02 AM (IST)

लुधियाना (राज): चंडीगढ़ रोड स्थित 'स्मार्ट बाजार' में बीते दिनों लगी आग के मामले में एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। जिसे पहले एक साधारण शॉर्ट सर्किट समझा जा रहा था, वह दरअसल किसी अज्ञात शरारती तत्व की सोची-समझी साजिश निकली। पुलिस ने इस मामले में जान-बूझकर आग लगाने और सैंकड़ों लोगों की जान खतरे में डालने के आरोप में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ संगीन धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।

वीर पैलेस चौक के सामने स्थित स्मार्ट बाजार के मैनेजर रिकी गुलेरिया ने पुलिस को दिए बयानों में बताया कि घटना वाले दिन (16.03.2026) वह ड्यूटी पर मौजूद नहीं थे। तभी स्टाफ का फोन आया कि बाजार के कपड़ों वाले सेक्शन में भीषण आग लग गई है। हालांकि, मुस्तैद स्टाफ ने कड़ी मशक्कत के बाद समय रहते आग पर काबू पा लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। लेकिन जब मैनेजर ने मौके पर पहुंचकर जांच की, तो कपड़ों के सेक्शन के तीन पैनल पूरी तरह जलकर स्वाह हो चुके थे।

प्रारंभिक आकलन के अनुसार, इस आगजनी में करीब 50,000 रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। लेकिन सबसे गंभीर बात यह है कि जब स्टोर स्तर पर पड़ताल की गई, तो पता चला कि यह आग कुदरती नहीं थी, बल्कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने जान-बूझकर लगाई थी। उस समय बाजार में बड़ी संख्या में ग्राहक और स्टाफ मौजूद थे। इस हरकत ने न केवल बाजार की संपत्ति को नुकसान पहुंचाया, बल्कि वहां मौजूद लोगों की जिंदगी को भी मौत के मुहाने पर लाकर खड़ा कर दिया, जिससे पूरे इलाके में डर का माहौल पैदा हो गया है।

मैनेजर की शिकायत और आंतरिक जांच की रिपोर्ट के आधार पर थाना फोकस प्वाइंट की पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अब बाज़ार में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को बारीकी से खंगाल रही है ताकि उस चेहरे को बेनकाब किया जा सके जिसने इस खतरनाक वारदात को अंजाम दिया। पुलिस का कहना है कि किसी भी सूरत में दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News