लुधियाना में नाबालिग ने उठाया खौफनाक कदम, फंदे से लटका मिला शव
punjabkesari.in Thursday, Apr 09, 2026 - 09:16 AM (IST)
लुधियाना (गणेश/सचिन): शहर के थाना फोकल प्वाइंट क्षेत्र में एक बेहद दुखद और चिंताजनक मामला सामने आया है। ढंडारी दशमेश मार्किट के नजदीक बने एक वेहड़े में 14 वर्षीय किशोर ने कथित तौर पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में मातम और दहशत का माहौल है।
स्थानीय लोगों ने देखा तो मचा हड़कंप
बताया जा रहा है कि आसपास रहने वाले लोगों ने जब कमरे के भीतर किशोर को पंखे से लटका देखा तो उनके होश उड़ गए। तुरंत इसकी सूचना ढंडारी चौकी पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।
भाई के साथ किराये पर रह रहा था किशोर
पुलिस जांच में मृतक की पहचान 14 वर्षीय अखिलेश के रूप में हुई है। वह उत्तर प्रदेश के बेहराई इलाके का रहने वाला था और कुछ समय पहले ही लुधियाना आया था। यहां वह अपने बड़े भाई के साथ किराये के कमरे में रह रहा था।
आत्महत्या के कारण अभी स्पष्ट नहीं
मामले की जांच कर रहे ए.एस.आई पवनजीत के अनुसार घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। ऐसे में किशोर द्वारा यह कदम उठाने के पीछे की वजह फिलहाल रहस्य बनी हुई है। पुलिस हर एंगल से मामले की पड़ताल कर रही है।
पोस्टमार्टम के बाद सामने आएगी सच्चाई
शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के असली कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
परिजनों को दी सूचना, आगे की कार्रवाई जारी
मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। उनके बयान दर्ज करने के बाद पुलिस आगामी कार्रवाई करेगी।
इलाके में पसरा सन्नाटा
घटना के बाद ढंडारी इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है। स्थानीय लोग भी इस घटना से सदमे में हैं और नाबालिग द्वारा उठाए गए इस कदम को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।

