मरने से पहले भाई को भेजा भावुक Video, पत्नी के अवैध संबंधों की खोली पोल... फिर उठाया खौफनाक कदम
punjabkesari.in Friday, Sep 25, 2026 - 11:26 AM (IST)
लुधियाना(राज): ससुराल पक्ष की कथित प्रताड़ना और आए दिन के पारिवारिक कलह से आहत होकर 40 वर्षीय एक व्यक्ति द्वारा जहरीली चीज निगलकर आत्महत्या करने का दर्दनाक मामला सामने आया है। मृतक की पहचान विजय कुमार के रूप में हुई है। मरने से ठीक पहले विजय कुमार ने अपने भाई को व्हाट्सएप पर एक भावुक वीडियो सुसाइड नोट भेजा, जिसमें उसने अपनी मौत के लिए पत्नी के कजिन के साथ अवैध संबंध और ससुरालियों को जिम्मेदार ठहराते हुए ससुराल पक्ष के लोगों के फोन नंबर साझा किए।
सूचना मिलते ही जब परिजन उसके घर पहुंचे, तब तक विजय कुमार दम तोड़ चुका था। मृतक के भाई की शिकायत पर पुलिस ने साले और साली समेत तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आपराधिक मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दिए आधिकारिक बयानों में अजय ने बताया कि उनके 40 वर्षीय भाई विजय कुमार का विवाह करीब 9 वर्ष पूर्व ज्योति रानी के साथ हुआ था। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के हस्तक्षेप और घरेलू विवादों के कारण दंपती के बीच अक्सर तनाव बना रहता था। पिछले महीने भी विजय कुमार की अपनी पत्नी के साथ गंभीर लड़ाई हुई थी। ससुरालियों और पत्नी के रवैये से दुखी होकर विजय अपने भाई के पास चला आया था और करीब 10 दिनों तक वहीं रहा। इसके बाद रिश्तेदारों और परिजनों की समझाइश पर वह वापस अपनी पत्नी के पास लौट गया था।
व्हाट्सएप पर भेजा वीडियो सुसाइड नोट और ससुरालियों के नंबर
अजय ने बताया कि 23 सितंबर 2026 को अचानक उनके व्हाट्सएप पर भाई विजय कुमार का एक वीडियो संदेश आया।वीडियो खोलने पर पता चला कि विजय ने अपनी पीड़ा बयां करते हुए एक वीडियो सुसाइड नोट रिकॉर्ड किया था। वीडियो के साथ उसने अपने सास-ससुर, साली, साले, बुआ की लड़की, सनी रंजीत और अपनी पत्नी के मोबाइल नंबर भी भेजे थे। वीडियो संदेश में विजय ने साफ तौर पर ससुराल पक्ष के लोगों द्वारा दी जा रही मानसिक यातनाओं का जिक्र किया था।
घर पहुंचे तो फर्श पर पड़ा था शव, निगल चुका था जहरीला पदार्थ
व्हाट्सएप पर सुसाइड नोट और वीडियो देखते ही मुद्दई और उसके परिजन बुरी तरह घबरा गए। वे तुरंत बिना समय गंवाए विजय कुमार के घर पहुंचे। दरवाजा खोलकर जब परिजन अंदर दाखिल हुए, तो कमरे का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। विजय कुमार फर्श पर बेसुध पड़ा हुआ था। परिजनों ने जब उसे संभाला, तो पता चला कि उसने कोई जहरीली चीज निगल ली थी, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो चुकी थी। जवान भाई की अचानक मौत की खबर से परिवार में चीख-पुकार मच गई और कोहराम फैल गया।
साले, साली सहित 3 के खिलाफ मुकदमा दर्ज; धरपकड़ शुरू
घटना की सूचना मिलते ही संबंधित थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई करवाई। साथ ही पुलिस ने मृतक के फोन से भेजे गए वीडियो सुसाइड नोट और डिजिटल साक्ष्यों को अपने कब्जे में ले लिया है। मुद्दई के बयानों और सुसाइड नोट के आधार पर पुलिस ने तीन मुख्य आरोपियों हरजीत सिंह, लक्की राजपूत (साला), तजिंदर कौर (साली) के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की है। जांच अधिकारी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं (आत्महत्या के लिए उकसाने) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि वीडियो सुसाइड नोट की फॉरेंसिक जांच करवाई जा रही है और नामजद आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

