सीमेंट स्टोर मालिक म/र्डर केस में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एक आरोपी दबोचा
punjabkesari.in Monday, Sep 21, 2026 - 05:59 PM (IST)
टांडा उड़मुड़ (पंडित ) : टांडा पुलिस ने उड़मुड़ के मोहल्ला लाहौरिया में दिनदहाड़े सीमेंट स्टोर मालिक गुलजार सिंह की हत्या के मामले को सुलझाते हुए तीन नामजद आरोपियों में से एक को गिरफ्तार कर लिया है। गुलजार सिंह की 14 सितम्बर को उसके सीमेंट स्टोर पर तेजधार हथियारों से हमला करके हत्या कर दी गई थी।
डी.एस.पी. टांडा दविंदर सिंह बाजवा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि हत्या की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों की पहचान जतिंदर सिंह उर्फ लाडा पुत्र सुखविंदर सिंह, भीचा पुत्र पन्नू निवासी कथूनंगल तथा साहिब सिंह पुत्र कुलवंत सिंह निवासी रूपोवाली (कथूनंगल), अमृतसर के रूप में हुई है। इनमें से साहिब सिंह को पुलिस टीम ने गिरफ्तार कर लिया है।
उन्होंने बताया कि वारदात के बाद फरार होते समय सड़क हादसे का शिकार होने के कारण आरोपी जतिंदर सिंह उर्फ लाडा गंभीर हालत में श्री गुरु राम दास अस्पताल, अमृतसर में उपचाराधीन है। वहीं तीसरे आरोपी भीचा की गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयास कर रही है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किया गया मोटरसाइकिल भी बरामद कर लिया है।
डी.एस.पी. बाजवा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को माननीय अदालत में पेश किया जाएगा। अदालत से रिमांड मिलने के बाद उससे गहन पूछताछ की जाएगी, ताकि हत्या के पीछे के कारणों और साजिश से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी हासिल की जा सके। उन्होंने कहा कि मुख्य आरोपी जतिंदर सिंह अस्पताल में उपचाराधीन है, जिससे हत्या के संबंध में अहम जानकारियां मिलने की उम्मीद है।
उन्होंने आगे बताया कि मामले की जांच के दौरान यदि किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस हत्या के पीछे की रंजिश और अन्य कारणों का पता लगाने के लिए जांच को आगे बढ़ा रही है। अपुष्ट जानकारी के अनुसार, आरोपियों के भाड़े पर हत्या करने से जुड़े होने की बात सामने आ रही है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

