Gurdaspur: विवाहिता के मौ/त मामले में नया मोड़, ससुर ने किए चौंकाने वाले खुलासे
punjabkesari.in Saturday, Feb 07, 2026 - 01:35 PM (IST)
गुरदासपुर (हरजिंदर सिंह गोराया): गुरदासपुर जिले के बहरामपुर कस्बे में एक विवाहिता की मौत के मामले में अब चौंकाने वाला मोड़ सामने आया है। पहले जहां मृतका की सास ने अपने बेटों को बचाने के लिए बहू की हत्या की जिम्मेदारी खुद पर ले ली थी, वहीं अब मृतका के ससुर ने मामले से पर्दा उठाते हुए असली आरोपियों के नाम उजागर किए हैं।

जानकारी के अनुसार, बहरामपुर निवासी गुरलीन कौर की 2 दिसंबर 2025 को संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। मृतका के पिता नवीन सैनी के बयान के आधार पर पुलिस ने पति मनजीत सैनी, देवर दलजीत और उसकी पत्नी पूनम के खिलाफ मामला दर्ज किया था। इस दौरान पति मनजीत सैनी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। मामले ने तब नया मोड़ लिया, जब मृतका की सास ने पुलिस के सामने बहू की हत्या का आरोप अपने सिर ले लिया। इसके बाद पुलिस ने उसे भी हिरासत में ले लिया। फिलहाल मां-बेटा दोनों जेल में बंद हैं।
हालांकि अब मृतका के ससुर कस्तूरी लाल ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि असल में उनकी छोटी बहू पूनम और छोटा बेटा दलजीत ही बड़ी बहू गुरलीन कौर को लंबे समय से प्रताड़ित कर रहे थे उससे मारपीट करते थे। उन्होंने दावा किया कि 2 दिसंबर को इन्हीं दोनों ने गुरलीन कौर की गला घोंटकर हत्या की थी।
मृतका के पिता नवीन सैनी और ससुर कस्तूरी लाल दोनों ने पुलिस से मांग की है कि मामले के असली आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए, जो अभी तक खुलेआम घूम रहे हैं। इसी मांग को लेकर उन्होंने एसएसपी गुरदासपुर को ज्ञापन भी सौंपा है। वहीं, जब इस मामले में पुलिस से प्रतिक्रिया लेने की कोशिश की गई तो अधिकारियों ने कैमरे के सामने आने से इनकार करते हुए कहा कि जांच जारी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जाएगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

