Ludhiana: शादी के एक साल बाद विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौ/त, फैली सनसनी
punjabkesari.in Friday, May 22, 2026 - 12:58 PM (IST)
लुधियाना (राज): टिब्बा रोड स्थित गुलाबी बाग इलाके में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 24 वर्षीय विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर के अंदर पंखे से लटकता हुआ बरामद हुआ। मृतका की पहचान आरती कुमारी के रूप में हुई है। इस घटना के बाद से ही दोनों पक्षों में भारी तनाव देखा जा रहा है। मृतका के मायके परिवार ने ससुराल पक्ष पर अपनी बेटी की हत्या करने के गंभीर आरोप लगाए हैं, जबकि दूसरी ओर ससुराल पक्ष इसे खुदकुशी का मामला बता रहा है।
घटना की सूचना के बाद टिब्बा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। मृतका के भाई तेजू, जो कि खासी कलां के रहने वाले हैं, पुलिस को बताया कि उनकी बहन आरती की शादी करीब एक साल पहले 14 अप्रैल 2025 को गुलाबी बाग निवासी जतिन के साथ बड़े ही अरमानों से हुई थी। तेजू के मुताबिक, बीती रात करीब 9 बजे उनके जीजा के एक दोस्त का अचानक फोन आया, जिसने कहा कि तुम्हारी बहन ने आत्महत्या कर ली है। यह सुनते ही पैरों तले जमीन खिसक गई और पूरा परिवार आनन-फानन में बेटी के ससुराल पहुंचा। वहां जाकर देखा तो आरती का शव जमीन पर पड़ा हुआ था।
आरती की मां और भाई तेजू ने रोते-बिलखते हुए गंभीर आरोप लगाया कि उनकी बेटी ने आत्महत्या नहीं की है, बल्कि उसकी गला घोंटकर हत्या की गई है और बाद में शव को पंखे से लटकाया गया है ताकि पूरी वारदात सुसाइड नजर आए। परिजनों ने रोष जताते हुए कहा कि शादी के बाद से ही आरती ससुराल में खुश नहीं थी। उसका पति और सास-ससुर उसे लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते आ रहे थे। आरती का मायका खासी कलां में है, जहां उसकी मां और 2 शादीशुदा भाई रहते हैं। बेटी की अचानक मौत से पूरे मायके परिवार में कोहराम मचा हुआ है और उन्होंने पुलिस के उच्च अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज: पुलिस
इस दुखद और पेचीदा मामले को लेकर टिब्बा थाना पुलिस का कहना है कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया गया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मामला पूरी तरह से संदिग्ध लग रहा है, इसलिए पुलिस हर एंगल से इस केस की गहनता से तफ्तीश कर रही है। फिलहाल मायके पक्ष के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मौत के असली कारणों का सटीक खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा और उसी रिपोर्ट के आधार पर आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

