Punjab : मेडिकल स्टोर में मिली लाखों की बैन दवाइयां, Shop सील

punjabkesari.in Wednesday, Feb 11, 2026 - 02:11 PM (IST)

तरनतारन (रमन) : सेहत विभाग और पुलिस की एक टीम ने जिले के गांव कलसियां कलां में एक मैडिकल स्टोर की चैकिंग के दौरान 5 लाख 75 हज़ार रुपए की बैन दवाइयां ज़ब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। गौरतलब है कि इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने भी अपने इलाके में ऐसा धंधा करने वालों पर कड़ी नज़र रखनी शुरू कर दी है।

जोनल लाइसैंसिंग अथॉरिटी अमृतसर कुलविंदर सिंह ने बताया कि सेहत विभाग के उच्च अधिकारियों के सख्त आदेशों के तहत नशे के खिलाफ़ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि मिली शिकायत के आधार पर, तरनतारन जिले के गांव कलसियां कलां में एक मेडिकल स्टोर मालिक द्वारा बैन दवाइयां बेचने की जानकारी मिली थी। इसके बाद, सोमवार दोपहर को थाना भिखीविंड के प्रभारी इंस्पैक्टर हरप्रीत सिंह और ड्रग कंट्रोलर ऑफिसर अमृतसर-5 गुरदीप सिंह की लीडरशिप में गांव कलसियां कलां में स्थित हीरा मेडिकल स्टोर पर अचानक रेड की गई।

जहां टीम को टैपेंटाडोल की 3300 टैबलेट और पैरिगाबेलिन के 13,200 कैप्सूल बरामद हुए, जिनकी मार्किट कीमत 5 लाख 75 हजार 850 रुपए है। टीम द्वारा की गई इस चैकिंग के दौरान दुकान में मौजूद मालिक मौके पर बरामद दवाओं का कोई रिकॉर्ड नहीं दिखा सका।

जोनल लाइसैंसिंग अथॉरिटी कुलविंदर सिंह ने बताया कि कई लोग बरामद दवाओं का इस्तेमाल नशे के तौर पर भी करते हैं। बरामद दवाओं को कब्जे में लेकर संबंधित दुकान को मौके पर ही सील कर दिया गया है। इस कार्रवाई की सारी जानकारी विभाग के उच्च अधिकारियों और जिले के डिप्टी कमिश्नर को भेज दी गई है, जिनके आदेश पर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News