मीत हेयर द्वारा चंडीगढ़ में की गई विशेष बैठक, बोले - कीमती जल स्त्रोत बचाना बहुत ज़रूरी
punjabkesari.in Thursday, Jun 22, 2023 - 06:29 PM (IST)

चंडीगढ़: राज्य के गिरते भूजल स्तर को देखते हुए भूमि और जल संरक्षण मंत्री गुरमीत सिंह मीत हेयर ने राज्य के किसानों के प्रति मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली राज्य सरकार की प्रतिबद्धता और बहुमूल्य जल संसाधनों की रक्षा पर जोर देते हुए विभाग को नये प्रोग्राम तैयार करने और चल रहे जल संरक्षण और प्रबंधन को और तेज़ करने के लिए कहा। मीत हेयर ने खेतीबाड़ी के लिए सिंचाई हेतु नहर के पानी और उपचारित पानी के अधिकतम उपयोग करने और भूमिगत पाइपलाइन कार्यक्रम को राज्य के हर कोने तक पहुंचाने पर भी ज़ोर दिया। उन्होंने विभाग को जमीनी स्तर पर जागरूकता पैदा करके राज्य में जल प्रबंधन और संरक्षण के लिए लोक लहर शुरू करने के लिए आमंत्रित किया।
मीत हेयर ने यह निर्देश पंजाब भवन चंडीगढ़ में हुई भूमि एवं जल संरक्षण विभाग के कार्यों की समीक्षा के लिए बुलाई बैठक के दौरान दिए। विभाग की वाटरशेड योजना की समीक्षा करते हुए भूमि एवं जल संरक्षण मंत्री ने भूमिहीन किसानों और औरतों को परियोजना क्षेत्रों में स्वयं-सहायता ग्रुप बना कर वित्तीय सहायता प्रदान कर उन्हें अधिक से अधिक लाभ देने पर ज़ोर दिया। उन्होंने मानसून सीज़न में वर्षा जल संचयन के लिए जलाशयों और चेक डैम के निर्माण में तेजी लाने पर भी जोर दिया। विभागीय अधिकारियों ने मंत्री के समक्ष प्रेजेंटेशन देते हुए बताया कि विभाग के कामों का मुख्य उद्देश्य सिंचाई वाले जल के उपयोग की कुशलता बढ़ाना तथा वैकल्पिक सिंचाई जल स्रोतों का विकास करना है क्योंकि राज्य के 90 प्रतिशत से अधिक जल संसाधनों का उपयोग अकेले कृषि क्षेत्र में किया जा रहा है।
विभाग के प्रमुख कार्यों में भूमिगत पाइपलाइन सिस्टम, कृषि में उपचारित पानी का उपयोग, ड्रिप और स्प्रिंकलर सिस्टम, वर्षा जल संचयन, वाटरशेड आधारित प्रोग्रामों के इलावा अन्य काम शामिल हैं। बैठक के दौरान विभाग द्वारा प्रस्तावित पदों के पुनर्गठन पर भी चर्चा की गई। भूमि एवं जल संरक्षण मंत्री ने बताया कि इस पुनर्गठन को अंतिम रूप दिए जाने के तुरंत बाद नई भर्ती अभियान शुरू किया जाएगा। बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव भूमि एवं जल संरक्षण के.ए.पी. सिन्हा, महेंद्र सिंह सैनी और विभाग के अन्य उच्च अधिकारी भी हाज़िर थे।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
पंजाब की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here