नाइट ड्यूटी पर जा रहा था कर्मचारी, झाड़ियों में जाते ही बाइक गायब, CCTV खंगाल रही पुलिस
punjabkesari.in Friday, Aug 21, 2026 - 11:12 AM (IST)
लुधियाना (राज): औद्योगिक क्षेत्र फोकल प्वाइंट में वाहन चोरों के हौसले लगातार बुलंद हैं। नाइट ड्यूटी के लिए फैक्ट्री जा रहे एक कर्मचारी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल को अज्ञात शातिर चोर चंद मिनटों में उड़ा ले गए। पीड़ित जब सड़क किनारे बाइक खड़ी कर बाथरूम करने गया, तभी चाबी लगी देखकर चोर बाइक लेकर रफूचक्कर हो गए। रोजादीन की शिकायत पर संबंधित थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए बयानों में शिकायतकर्ता ने बताया कि 20 अगस्त रात वह अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर नाइट ड्यूटी करने के लिए फैक्ट्री आ रहा था। रात करीब 09:30 बजे जब वह फोकल प्वाइंट फेज-8 स्थित फैक्ट्री के पास पहुंचा, तो उसने बाइक को सड़क किनारे साइड में खड़ा किया शिकायतकर्ता के अनुसार, वह बाइक में चाबी लगी ही छोड़कर पास की झाड़ियों में लघुशंका करने चला गया।
इसी दौरान सुनसान मौका पाकर पीछे से आए किसी अज्ञात व्यक्ति ने चाबी लगी बाइक स्टार्ट की और तेजी से फरार हो गया। जब तक पीड़ित बाहर आया, बाइक गायब हो चुकी थी। काफी तलाश करने के बाद भी जब वाहन का कोई सुराग नहीं लगा, तो मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फोकल प्वाइंट फेज-8 और आसपास की फैक्ट्रियों के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि चोर के भागने के रूट को ट्रेस कर बाइक को जल्द बरामद किया जा सके।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

