90 के हुए मिल्खा सिंह, बोले-सबका साथ रहा तो सैंचुरी मारूंगा

punjabkesari.in Thursday, Nov 21, 2019 - 10:21 AM (IST)

चंडीगढ़(विकास ठाकुर): उडऩसिख पद्मश्री मिल्खा सिंह बुधवार को 90 साल के हो गए। उन्होंने सैक्टर-8 स्थित अपने निवास पर परिवार के सदस्यों और मित्रों के साथ बर्थडे सैलीब्रेट किया और केक काटा। उन्होंने कहा कि सबका साथ रहा तो सैंचुरी लगाऊंगा। आपबीती सांझा करते हुए उन्होंने कहा कि जब देश का बंटवारा हुआ तो मेरे परिवार को मेरी आंखों के सामने मार दिया गया, तब मुझे पिता ने कहा था कि भाग मिल्खा भाग, नहीं तो ये तुझे भी मार देंगे। यह शब्द मेरे कानों में आज भी गूंजते हैं। मिल्खा सिंह ने कहा कि मैंने पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू का दौर भी देखा है और वर्तमान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दौर भी देख रहा हूं। मिल्खा सिंह ने कहा कि आज मुझे रिटायर हुए 30 साल हो गए, 1961 में पहली बार मैंने केक काटा था, आज फिर काट रहा हूं यह मेरे और मेरे परिवार के लिए खुशी के पल हैं।

मेरे संघर्ष की कहानी तो 15 घंटे की फिल्म भी नहीं समेट सकती 
मिल्खा सिंह ने बताया कि ‘भाग मिल्खा भाग’ फिल्म मेरे संघर्ष की पांच फीसदी कहानी भी नहीं है। मैंने बहुत गरीबी देखी है, बहुत धक्के खाएं हैं, यह फिल्म सिर्फ ट्रैलर है। मेरे संघर्ष की कहानी तो 15 घंटे की फिल्म भी नहीं समेट सकती है, लेकिन खुश हूं कि जीवन में मैंने सब कुछ हासिल किया। मैंने कभी हार नहीं मानी, हर चुनौती को स्वीकार किया। 

आज से अपने लिए भी 10 मिनट दौड़ें
मिल्खा सिंह ने अपने जन्मदिन पर देशवासियों से अपील की वह आजादी की कीमत को समझें। लाखों लोगों ने अपनी जान गंवाकर हमें आजादी दिलाई है। देश की तरक्की में सहयोग करें, नशों से दूर रहें। स्वस्थ रहें और अच्छा सोचे। आप अ‘छे होंगे तो समाज अपने आप अच्छा होगा। उन्होंने कहा कि आप तमाम उम्र दूसरों के लिए दौड़ते हो, आज से ही अपने लिए भी 10 मिनट दौड़े। 90 की उम्र में भी फिट रहने के राज को बताते हुए मिल्खा सिंह ने बताया कि रनिंग और जॉगिंग रोज करता हूं। इसके बाद गोल्फ खेलने भी रोजाना जाता हूं। युवा देश की धरोहर है वह मिलकर आगे चलें तो देश और आगे जा सकता है। मिल्खा सिंह ने बताया कि अगर लोगों का प्यार मिलता रहा तो जीवन में कुछ साल और अधिक जी सकता हूं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vatika

Recommended News

Related News