Amritsar: मामूली विवाद ने लिया हिंसक रूप, दुश्मनी में बदली दोस्ती... CCTV में कैद पूरी वारदात

punjabkesari.in Saturday, Feb 14, 2026 - 12:09 PM (IST)

अमृतसर: जिले में 2 पक्षों के बीच हिंसक झड़प सामने आई है। जानकारी के मुताबिक, जिले के थाना इस्लामाबाद अंतर्गत खूह भल्ले इलाके में 2 गुटों के बीच विवाद ने उग्र रूप धारण कर लिया। मामूली कहासुनी से शुरू हुआ मामला देखते ही देखते हाथापाई में बदल गया और आरोप है कि एक पक्ष ने दूसरे की स्कूटी को आग लगा दी। घटना पास में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है।

PunjabKesari

पुलिस के मुताबिक, दोनों पक्ष पहले एक-दूसरे से परिचित थे। किसी पुराने विवाद को लेकर बहस बढ़ी और झड़प हो गई। मारपीट में कुछ लोग घायल हुए, जिन्हें अस्पताल में उपचार दिया गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर 2 युवकों को हिरासत में लिया गया है, जबकि दो अन्य की तलाश में छापेमारी जारी है। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि उनका भतीजा बाल कटवाने गया था, तभी चार युवक वहां पहुंचे और उसके साथ मारपीट की। परिवार का कहना है कि मारपीट के बाद आरोपियों ने उसकी स्कूटी को आग के हवाले कर दिया। परिजनों के अनुसार, घटना में शामिल युवकों की उम्र लगभग 17 से 18 वर्ष के बीच है।

परिवार ने यह भी दावा किया कि स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर समझौते की कोशिश की थी, लेकिन कुछ युवक अब भी तेजधार हथियार लेकर इलाके में घूम रहे हैं और धमकियां दे रहे हैं। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kamini

Related News