Amritsar में बारिश और तेज़ तूफान का अलर्ट, रात 10 बजे के बाद बदल सकता है मौसम

punjabkesari.in Friday, Jun 12, 2026 - 07:55 PM (IST)

अमृतसर: भीषण गर्मी और उमस के बीच अमृतसर के लोगों के लिए राहत और सावधानी दोनों की खबर है। मौसम विभाग ने एक बार फिर शहर में बारिश और तेज़ तूफान को लेकर अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार रात करीब 10 बजे के बाद मौसम अचानक करवट ले सकता है। इस दौरान तेज़ हवाएं चलने के साथ गरज-चमक और बारिश होने की संभावना जताई गई है।

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, दिनभर तेज धूप और बढ़ते तापमान के कारण वातावरण में नमी बढ़ रही है, जिससे देर रात मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिल सकता है। यदि अनुमान सही साबित होता है तो तेज़ हवाओं के साथ बारिश लोगों को गर्मी से राहत दे सकती है, लेकिन तेज़ तूफान के चलते जनजीवन प्रभावित होने की भी आशंका है।

मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि रात 10 बजे के बाद अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें। तेज़ हवाओं के दौरान पेड़ों, पुराने भवनों, बिजली के खंभों और होर्डिंग्स के आसपास खड़े होने से बचें। वाहन चालकों को भी खराब मौसम के दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News