अमृतसर केंद्रीय जेल में हवालाती की ह/त्या, चप्पल को लेकर हुआ विवाद
punjabkesari.in Friday, Sep 25, 2026 - 01:15 PM (IST)
अमृतसर (संजीव) : अमृतसर की केंद्रीय जेल की बैरक में 2 हवालातियों के बीच हुए विवाद के दौरान हवालाती रितिक उर्फ काला की तेजधार हथियार से हत्या कर दी गई। फिलहाल सहायक सुपरिंटैंडैंट जेल अमरबीर सिंह की शिकायत पर थाना इस्लामाबाद की पुलिस ने हमला करने वाले हवालाती जितेंद्र सिंह के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया है।
सहायक सुपरिंटैंडैंट अमरबीर सिंह का कहना है कि दोनों हवालातियों के बीच चप्पल को लेकर कुछ मामूली विवाद हुआ था, जिसके बाद एक तीखे चम्मच से हवालाती रितिक पर हवालाती जितेंद्र सिंह द्वारा हमला किया गया और उसे गंभीर घायल कर दिया गया। जानकारी मिलते ही तुरंत उसे घायल अवस्था में उपचार के लिए गुरु नानक देव अस्पताल की एमरजैंसी में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आज माननीय जज द्वारा भी घटनास्थल पर पहुंच मामले की जांच की गई है और वहां मौजूद अन्य हवालातियों से भी पूछताछ हुई है।
वीडियो ग्राफी में होगा पोस्टमार्टम
मरने वाले हवालाती रितिक उर्फ काला का वीडियो ग्राफी में पोस्टमार्टम करवाया जाएगा वहीं दूसरी ओर थाना इस्लामाबाद की पुलिस ने हवालाती जितेंद्र सिंह को जांच के लिए प्रोडक्शन वारंट पर लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

