जालंधर की Famous Sweets shop सहित इन अवैध निर्माणों पर नगर निगम टीम का शिकंजा, डीलरों में मचा हड़कंप

punjabkesari.in Saturday, Mar 29, 2025 - 11:10 AM (IST)

जालंधर (खुराना): शहर में पिछले लंबे समय से विभिन्न क्षेत्रों में अवैध निर्माण की समस्या बढ़ती जा रही थी, लेकिन अब नगर निगम के बिल्डिंग विभाग ने इस पर सख्ती से शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। वैस्ट विधानसभा क्षेत्र में अवैध निर्माण को रोकने और उन्हें ध्वस्त करने का अभियान तेज हो गया है। नगर निगम की टीम ने शहर के कई हिस्सों में कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माणों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया।

dilbagh sweets shop jalandhar

नगर निगम की टीम ने बस्ती पीरदाद क्षेत्र में एम.एस फार्म रोड पर स्थित पारस एस्टेट में धड़ाधड़ बन रही कोठियों पर कार्यवाही की। पता चला कि इन कोठियों के निर्माण को अवैध बताते हुए इनके बारे में स्थानीय निकाय विभाग के विजिलैंस सैल को कई शिकायतें मिली थीं। इन शिकायतों के आधार पर नगर निगम को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। ए.टी.पी. सुखदेव वशिष्ठ के नेतृत्व में निगम टीम ने पारस एस्टेट में बन रही कई कोठियों को नोटिस जारी किए और संबंधित दस्तावेज तलब किए। निगम की इस कार्यवाही से क्षेत्र के प्रॉपर्टी डीलरों में हड़कंप मच गया है क्योंकि लंबे समय से यहां अवैध निर्माणों पर कोई कार्यवाही नहीं हुई थी ।

municipal corporation

इसके अलावा, निगम टीम ने तिलक नगर रोड पर नाखां वाले बाग को जाती सड़क किनारे बने एक अवैध कमर्शियल काम्पलैक्स को भी ध्वस्त कर दिया। गौरतलब है कि इस काम्प्लैक्स का निर्माण पिछले सप्ताह ही पूरा किया गया था, लेकिन यह हाईटेंशन तारों के नीचे बना होने के कारण बेहद खतरनाक माना जा रहा था। कार्रवाई के दौरान कोई विरोध नहीं हुआ।

नगर निगम की टीम ने शहनाई पैलेस के निकट चल रहे एक अवैध कमर्शियल निर्माण को भी नोटिस जारी किया। साथ ही, शहीद बाबू लाभ सिंह नगर से सटे रतन नगर में अवैध रूप से खड़ी की गई 15 दुकानों वाली मार्केट को भी नोटिस थमाया गया। बस्ती बावा खेल में एक अन्य अवैध मार्कीट को भी नोटिस दिया गया। इसके अलावा, झंडियां वाला पीर चौक में दिलबाग स्वीट्स की ऊपरी मंजिल पर हुए अवैध निर्माण पर भी कार्रवाई की गई और नोटिस जारी किया गया।

corporation jalandhar

गांव गाखल में काटी जा रही अवैध कॉलोनी, नगर निगम ने नोटिस जारी किया

वैस्ट विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव गाखल में इन दिनों अवैध रूप से एक कॉलोनी काटी जा रही थी, जिसके खिलाफ नगर निगम ने  सख्त कदम उठाया। इस कॉलोनी में सड़कों का निर्माण और प्लॉटिंग का काम पूरा हो चुका था, लेकिन इस बाबत नगर निगम से मंजूरी नहीं ली गई थी। इस अवैध कालोनी के कारण सरकारी खजाने को लाखों रुपए का नुक्सान पहुंच रहा था। नगर निगम ने गत दिन इस कॉलोनी के निर्माण कार्य को तत्काल प्रभाव से रोक दिया और संबंधित पक्ष को नोटिस जारी किया। सूत्रों के मुताबिक, आने वाले दिनों में निगम इस अवैध कॉलोनी के खिलाफ डिच मशीन से कार्रवाई कर सकता है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News