तेजधार हथियार से काटा नौजवान का गला, फिर टुकड़े-टुकड़े कर शव गंदे नाले में फैंका
punjabkesari.in Monday, May 02, 2022 - 09:49 AM (IST)

लुधियाना (राज): जलालाबाद से लुधियाना खरीदारी करने आए युवक की निर्मम हत्या कर ली गई। शव को टुकड़े-टुकड़े कर गंदे नाले में फैंक दिया था और मृतक के परिवार एवं पुलिस को गुमराह करने के लिए आरोपी थाना टिब्बा में झूठी शिकायत दर्ज करवाकर खुद फरार हो गया था। 13 दिनों बाद मृतक के भाई ने आरोपी युवक को पानीपत से पकड़ लिया और उसकी छित्तर परेड की तो उसने खुलासा किया कि उसके भाई को मार कर शव टुकड़े कर गंदे नाले में फैंक दिया है। अब उक्त आरोपी को लुधियाना पुलिस के हवाले किया है। पुलिस उसकी निशानदेही पर गंदे नाले में शव ढूंढ रही है।
हालांकि, आरोपी बार-बार पुलिस को गुमराह करने की कोशिश कर रहा है। उसने पहले हैबोवाल के गंदे नाले में शव फैंकने के बारे में कहा था और अब टिब्बा इलाके में, फिलहाल पुलिस शव की तलाश कर रही है। उधर, पुलिस के मुताबिक अभी जांच चल रही है। मोहम्मद महबूब ने बताया कि वह जलालाबाद का रहने वाला है। उसका छोटा भाई इस्लाम (30) साल, जोकि शादीशुदा था, के दो बच्चे हैं। वह 18 अप्रैल को लुधियाना में खरीदारी करने के लिए आया था मगर घर वापस नहीं लौटा। जब वह लुधियाना पहुंचे तो उन्हें पता चला कि वह सोमवार की रात को टिब्बा के इलाके गुरु नानक नगर के गली नंबर-1 में रहने वाले अपने किसी जानकार के घर चला गया था जहां से वह सुबह निकल गया था। उसके बाद से उसका मोबाइल बंद आ रहा था। जिसके घर पर उसका भाई ठहरा था, उस पर उन्हें शक हो गया था जोकि उसी दिन से अपना घर छोड़कर चला गया था।
इसके बाद उन्हें पता चला कि उक्त आरोपी पानीपत में है। उन्होंने वहां पहुंच कर आरोपी को दबोच लिया। जब उससे पूछताछ की गई तो उसने बताया कि उसने 25 हजार रुपए छीनने के लिए उसने उसके भाई को पहले कुछ खिलाकर बेहोश कर दिया था, फिर आरी से उसका गला काट दिया।महबूब का कहना है कि अब वह अपने भाई का शव ढूंढ रहा है। थाना टिब्बा की पुलिस के साथ उसने आज हैबोवाल इलाके में पहले गंद नाले में सर्च किया था। इसके बाद आरोपी के कहने के मुताबिक अब टिब्बा के इलाके में गंदे नाले में शव को ढूंढा जा रहा है, अभी तक उसके भाई का शव मिला नहीं है।