तरनतारन में जमीन विवाद को लेकर भतीजे ने चाचा को दी खौफनाक मौ+त
punjabkesari.in Saturday, May 23, 2026 - 12:20 PM (IST)
तरनतारन (रमन): विधानसभा हलका पट्टी के अधीन आते गांव जौड़ा में शनिवार तड़के जमीन की वट (सीमा) को लेकर चल रहा विवाद खूनी रूप ले बैठा। मामले में भतीजे द्वारा डंडा मारकर अपने ही चाचा की हत्या करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। थाना सरहाली पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार गांव जौड़ा निवासी 50 वर्षीय बलबीर सिंह पुत्र मस्सा सिंह का अपने चचेरे भाई कश्मीर सिंह के परिवार के साथ लंबे समय से जमीन की सीमा (वट) को लेकर विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि दोनों परिवार अपने-अपने घरों में बहिकों पर रहते हैं और उनके घरों की दीवारें आपस में जुड़ी हुई हैं।मृतक के बेटे हरप्रीत सिंह ने बताया कि वह सुबह दूध डालने के लिए घर से बाहर गया हुआ था, जबकि उसकी मां घर में खाना बना रही थी और उसके पिता घर पर मौजूद थे। इसी दौरान जैसे ही उसके पिता बलबीर सिंह घर से बाहर निकले तो पड़ोस में खड़े सुरजीत सिंह और उसकी पत्नी हरजीत कौर ने उनके साथ झगड़ा शुरू कर दिया।
हरप्रीत सिंह ने आरोप लगाया कि दोनों ने मिलकर उसके पिता के साथ मारपीट की और सिर पर डंडे से वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए। परिजन उन्हें तुरंत तरनतारन के अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हरप्रीत सिंह ने बताया कि जमीन विवाद की पुरानी रंजिश के चलते उसके पिता की हत्या की गई है। घटना की सूचना मिलते ही थाना सरहाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। इस संबंध में गांव के सरपंच सुखदेव सिंह ने बताया कि शनिवार सुबह बलबीर सिंह और सुरजीत सिंह के बीच हुए झगड़े के दौरान बलबीर सिंह की मौत हो गई। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।

