कनाडा में 23 वर्षीय पंजाबी युवती की गला घोंटकर ह+त्या, लिव-इन पार्टनर गिरफ्तार
punjabkesari.in Friday, Jul 24, 2026 - 02:09 PM (IST)
पंजाब डेस्क: कनाडा के एडमिंटन शहर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां 23 वर्षीय पंजाबी युवती दमनप्रीत कौर की उसके लिव-इन पार्टनर ने कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या कर दी। दमनप्रीत पंजाब के लुधियाना जिले के समराला की रहने वाली थी। करीब 5 साल पहले उसका परिवार कर्ज लेकर उसे स्टडी वीजा पर कनाडा भेजा था।
12 जुलाई को इलाज के दौरान हुई मौत
एडमिंटन पुलिस के अनुसार, 9 जुलाई की शाम सिल्वरबेरी इलाके के एक घर से इमरजेंसी कॉल मिली थी। पुलिस और पैरामेडिक्स मौके पर पहुंचे तो दमनप्रीत बेहोश मिली। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन 12 जुलाई को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। 14 जुलाई को हुई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पता चला कि उसकी मौत गला घोंटने से हुई थी।
लिव-इन पार्टनर गिरफ्तार
मामले की जांच कर रही पुलिस ने 22 जुलाई को दमनप्रीत के लिव-इन पार्टनर रितेश कुमार (22) को गिरफ्तार कर लिया। रितेश दिल्ली का रहने वाला है। उसके खिलाफ सेकेंड-डिग्री मर्डर का केस दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि यह घरेलू हिंसा से जुड़ा मामला है और फिलहाल किसी अन्य व्यक्ति की तलाश नहीं की जा रही।
परिवार ने मांगी मदद
दमनप्रीत ने पढ़ाई पूरी करने के बाद कनाडा में नौकरी शुरू कर दी थी। अब उसके पार्थिव शरीर को भारत लाने और अंतिम संस्कार का खर्च उठाने के लिए सोशल मीडिया पर GoFundMe अभियान शुरू किया गया है। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर बताई जा रही है। परिजनों का कहना है कि अभी तक उन्हें भारतीय दूतावास या सरकार की ओर से कोई मदद नहीं मिली है।

