तरनतारन में 17 वर्षीय युवक की ह+त्या, नशा और 200 रुपए मांगने से इनकार करना पड़ा भारी
punjabkesari.in Tuesday, May 19, 2026 - 01:38 PM (IST)
तरनतारन(रमन): शहर के गांव जोधपुर डेने में 17 वर्षीय युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक की पहचान एकनूर सिंह पुत्र गुरदेव सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गांव के ही रहने वाले एक व्यक्ति ने दो दिन पहले एकनूर से नशा और 200 रुपए की मांग की थी।
आरोपी ने की उससे 200 रुपए छीनने की कोशिश
जानकारी के अनुसार जब एकनूर सिंह ने नशा और पैसे देने से साफ इनकार कर दिया तो आरोपी ने उसके पास मौजूद 200 रुपए छीनने की कोशिश की। एकनूर द्वारा विरोध करने पर आरोपी गिंदर सिंह ने उस पर किरच से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल एकनूर को तुरंत अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां इलाज के दौरान बीती रात उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा
मृतक के घर में उसकी मां, छोटा भाई, बहन, पिता और दादा का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों के मुताबिक मां बार-बार बेहोश हो रही है। गरीब परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना की सूचना मिलने के बाद थाना सदर तਰਨतारन पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।

