इंफ्लुएंसर नैंसी ग्रेवाल की मां का भावुक वीडियो, रोते हुए सोशल मीडिया पर मांगी माफी
punjabkesari.in Tuesday, Mar 10, 2026 - 11:48 AM (IST)
जालंधर (सोनू): मशहूर सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर नैंसी ग्रेवाल की मौत के बाद उनकी मां ने सोशल मीडिया पर एक भावुक वीडियो सांझा करते हुए अपनी बात रखी है। रोते-बिलखते उनका कहना है कि वह इस समय गहरे सदमे में हैं और अपनी बेटी को खोने का दुख सहन नहीं कर पा रही हैं।
इस वीडियो ने पूरे मामले में यू-टर्न ला दिया है, भावुक होते हुए मां का कहना है कि “मेरी बेटी की मौत का मुझे इतना सदमा लगा है कि मैं समझ नहीं पा रही कि क्या करूं और क्या नहीं।” घटना वाले दिन फोन पर लोगों ने जिन-जिन के बारे में पूछा, उन्होंने उनके नाम ले दिए थे, लेकिन उनका किसी पर झूठा आरोप लगाने का कोई इरादा नहीं था।
नैंसी की मां ने कहा कि “मैं बिना वजह किसी का नाम लेकर अपने सिर पर पाप नहीं लेना चाहती। जो भी सच्चाई है, उसकी जांच करना पुलिस का काम है।” उन्होंने यह भी कहा कि यदि उनके द्वारा किसी का नाम लेने से किसी को ठेस पहुंची है तो वह हाथ जोड़कर माफी मांगती हैं। पोस्ट में उन्होंने आगे लिखा कि “मेरा किसी के साथ कोई दुश्मनी नहीं है। मेरी बच्ची चली गई है और वह अब वापस नहीं आएगी। हम पूरी तरह उजड़ गए हैं।” फिलहाल पूरे मामले में पुलिस की जांच जारी है और परिवार न्याय की मांग कर रहा है।

