पंजाब में कांग्रेस की हलचल तेज, हाईकमान ने भेजे 3 बड़े पर्यवेक्षक; राजनीतिक हालात पर मांगी रिपोर्ट
punjabkesari.in Friday, Jun 12, 2026 - 12:19 AM (IST)
जालंधऱ/नई दिल्ली: पंजाब कांग्रेस में चल रही राजनीतिक गतिविधियों के बीच पार्टी हाईकमान ने बड़ा कदम उठाया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) ने पंजाब के मौजूदा राजनीतिक हालात का आकलन करने के लिए तीन वरिष्ठ नेताओं को पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। ये नेता राज्य का दौरा कर राजनीतिक स्थिति का जायजा लेंगे और अपनी रिपोर्ट पार्टी नेतृत्व को सौंपेंगे।
कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार कांग्रेस अध्यक्ष ने अजय माकन, मीनाक्षी नटराजन और भजन लाल जाटव को पंजाब के लिए एआईसीसी पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। इनकी नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है। पार्टी की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि नियुक्त किए गए पर्यवेक्षक पंजाब की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों का मूल्यांकन करेंगे और अपनी विस्तृत रिपोर्ट कांग्रेस नेतृत्व को सौंपेंगे।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि पंजाब में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने और आगामी राजनीतिक रणनीति तैयार करने के मद्देनजर यह फैसला महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट के आधार पर पार्टी भविष्य के संगठनात्मक और राजनीतिक फैसले ले सकती है।
गौरतलब है कि पंजाब में कांग्रेस पिछले कुछ समय से संगठनात्मक बदलावों और राजनीतिक समीकरणों को लेकर लगातार सक्रिय नजर आ रही है। ऐसे में हाईकमान द्वारा वरिष्ठ नेताओं को पर्यवेक्षक बनाकर भेजना कई मायनों में अहम माना जा रहा है।

