नए DGP की नियुक्ति को लेकर UPSC की अहम बैठक 4 को

punjabkesari.in Wednesday, Jan 30, 2019 - 10:22 PM (IST)

जालन्धर (धवन): पंजाब में नए पुलिस महानिदेशक (डी.जी.पी.) के चयन को लेकर यू.पी.एस.सी. की एक महत्वपूर्ण बैठक 4 फरवरी को होने जा रही है। सरकारी हलकों से पता चला है कि दिल्ली में होने वाली उक्त बैठक में पंजाब के मुख्य सचिव करण अवतार सिंह तथा मौजूदा डी.जी.पी. सुरेश अरोड़ा भी भाग लेंगे। यू.पी.एस.सी. द्वारा राज्य सरकार की ओर से भेजी गई पुलिस अधिकारियों की सूची में से 3 अधिकारियों का चयन किया जाएगा जिनकी सूची पंजाब सरकार को भेज दी जाएगी। 

पंजाब सरकार ने 12 जनवरी को पैनल बनाकर भेजा था यूपीएससी को 
यू.पी.एस.सी. सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों को ध्यान में रखते हुए अब तक 12 राज्यों में ऐसे पैनल बनाकर राज्य सरकार को भेज चुका है और अब पंजाब पुलिस के अधिकारियों के रिकार्ड व अनुभव को देखते हुए 3 अधिकारियों का पैनल तैयार किया जाएगा। पंजाब सरकार ने पहले ही अपनी तरफ से 12 आई.पी.एस. अधिकारियों के नामों का पैनल 21 जनवरी को यू.पी.एस.सी. को भेज दिया था जिन्होंने 30 वर्ष की सेवा पूरी की हुई है। वे सभी डी.जी.पी. पद के लिए योग्य माने गए। इस पैनल में 9 डी.जी.पी. तथा 3 ए.डी.जी.पी. रैंक के अधिकारियों के नाम शामिल थे। यद्यपि केंद्र सरकार ने मौजूदा डी.जी.पी. सुरेश अरोड़ा का सेवाकाल सितम्बर-2019 के अंत तक बढ़ा दिया है परन्तु अब यू.पी.एस.सी. द्वारा शुरू की गई कार्रवाई पूरी होने के बाद अरोड़ा के सेवानिवृत्त हो जाने के आसार हैं। 

डी.जी.पी. पद को लेकर इनमें है दौड़
आला पुलिस हलकों में चर्चा चल रही है कि डी.जी.पी. पद को लेकर दौड़ इस समय डी.जी.पी. (एस.टी.एफ.) मोहम्मद मुस्तफा तथा डी.जी.पी. (इंटैलीजैंस) दिनकर गुप्ता के बीच में है। चूंकि पुलिस के सर्वोच्च पद पर नियुक्ति होनी है, इसलिए अंतिम चयन पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह की इच्छा सबसे महत्वपूर्ण रहेगी। कैप्टन जिस भी पुलिस अधिकारी के नाम पर मोहर लगा देंगे, वह अगला डी.जी.पी. बन जाएगा। इसे देखते हुए मुख्यमंत्री अमरेन्द्र सिंह तक अपनी पहुंच बनाने में डी.जी.पी. पद लेने के इच्छुक अधिकारी लगातार लगे हुए हैं। मुख्यमंत्री ने फिलहाल अपने मन की बात किसी को नहीं बताई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vaneet

Recommended News

Related News