किसानों के जालंधर में धरने को लेकर नया अपडेट, जानें क्या है स्थिति
punjabkesari.in Tuesday, Nov 21, 2023 - 09:15 PM (IST)

जालंधर : जालंधर में किसानों द्वारा लगाए गए धरने को लेकर नई अपडेट सामने आई है। बताया जा रहा है कि किसानों को कल बुधवार को सरकार के साथ मीटिंग का समय मिल गया है। जहां तक बात धरने की है, तो धरना फिलहाल जारी है और किसान नेता इस बात पर अड़े हुए हैं कि जब तक सरकार उनकी मांगों को पूरा नहीं करती तब तक वह जालंधर लुधियाना हाईवे को नहीं खोलेंगे। किसानों ने जालंधर से फगवाड़ा की ओर जाने वाला मुख्य हाईवे बंद कर रखा है। वहीं सरकार और प्रशासन पुरजोर कोशिश कर रहा है कि किसी तरह यह धरना आज रात खत्म करवाया जाए।
जालंधर से लुधियाना की तरफ जाने वाले लोगों को कैंट रोड से होकर जाना पड़ रहा है। किसानों के धरने के कारण रामा मंडी तक लंबा जाम लगा हुआ है। दोनों सर्विस लाइन खुल गई हैं, जहां पर वाहन आ-जा रहे हैं, लेकिन लंबा जाम होने के कारण बेहद कम गति पर चल पा रहे हैं। जानकारी मिली है कि किसानों को कल बुधवार 12 बजे सरकार से बातचीत का न्यौता मिला है। किसानों का कहना है कि तब तक धरना जारी रहेगा। किसानों का कहना है कि अगर सरकार से बात सफल होती है तो धरना हटा लिया जाएगा।
जिक्रयोग्य है कि किसानों ने आज गन्ने की कीमतों में बढ़ौतरी को लेकर जालंधर-लुधियाना हाईवे जाम कर दिया था। जिसके चलते शाम होते-होते शहर व नेशनल हाईवे पर ट्रैफिक जाम की स्थिति बदत्तर बन गई थी। आलम यह हो गया था कि पीएपी से लेकर जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन तक लगभग 2 किलोमीटर मार्ग में ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई थी। वाहन सड़कों पर चलने की जगह रेंगते हुए नजर आए और लोग बेबस। हालांकि पुलिस प्रशासन द्वारा ट्रैफिक को डायवर्ट किया गया था, लेकिन बावजूद इसके लोगों को अपने गंतव्य तक जाने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।