फर्जी पत्रकार गुरदीप सिंह को लेकर नया खुलासा, धीरे-धीरे सामने आ रहे डराए-धमकाए लोग

punjabkesari.in Tuesday, Apr 14, 2026 - 11:12 AM (IST)

जालंधर : गैस एजैंसी के प्रबंधकों को ब्लैकमेल करने के केस में नामजद हुए फर्जी पत्रकार गुरदीप सिंह के मामले में एक और खुलासा हुआ है। गुरदीप सिंह लोगों का नाम एफ.आई.आर. से निकलवाने के लिए पुलिस वालों के नाम पर भी पैसे ले लेता था और फिर उनका काम भी नहीं करता था। एक व्यक्ति से तो उसने 20 हजार रुपए गूगल पे करवा लिए थे लेकिन उसका भी काम भी नहीं किया और बाद में टालमटोल करने लग गया। यह गूगल पे नंबर उसकी टीम के एक सदस्य का था। धीरे-धीरे करके गुरदीप सिंह द्वारा डराए-धमकाए लोग सामने आ रहे हैं। इससे पहले भी कई लोग सामने आकर गुरदीप सिंह के काले कारनामों को उजागर कर चुके हैं।

उधर, गुरदीप सिंह की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। सोमवार को भी पुलिस टीम गुरदीप सिंह की तलाश में शहर के बाहर रेड के लिए गई थी लेकिन अभी तक उसकी गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। थाना 8 के प्रभारी साहिल चौधरी ने कहा कि जहां-जहां से इनपुट मिल रहे हैं वहां पर रेड किए जा रहे हैं। जल्द ही गुरदीप सिंह को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और उसकी पूछताछ में जिन-जिन लोगों का नाम सामने आया उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई होना तय है।

बता दें कि संतोखपुरा स्थित दोआबा गैस एजैंसी के प्रबंधकों ने दैनिक युवा सवेरा फेसबुक पेज के एडमिन एवं स्वयं घोषित पत्रकार गुरदीप सिंह निवासी शहीद भगत सिंह कालोनी पर ब्लैकमेलिंग के आरोप लगाए थे। आरोप थे कि दिसम्बर 2025 से गुरदीप सिंह उनके स्टाफ के सदस्यों से कभी पैसे छीन लेता था और कभी उनकी पिटाई करके वीडियो बना एजैंसी को बदनाम करने के लिए दबाव डाल कर एजैंसी के खिलाफ बातें कहलवाता था।

गैस एजैंसी के प्रबंधकों ने यह भी आरोप लगाए थे कि जब उन्होंने गुरदीप सिंह को पैसे नहीं दिए तो जनवरी-2026 में गुरदीप सिंह मोबाइल से वीडियो बनाते हुए उनके दफ्तर आ गया और कैश रूम में आकर 2 लाख रुपए की मांग करने लगा। पैसे न देने पर एजैंसी के प्रबंधकों को गुरदीप सिंह ने जातिसूचक शब्द कहे। जैसे ही मामला पुलिस तक पहुंचा तो पुलिस ने जांच के बाद डी.ए. लीगल की राय लेने के बाद गुरदीप सिंह के खिलाफ थाना 8 में केस दर्ज कर लिया था। पुलिस का कहना था कि गुरदीप सिंह की गिरफ्तारी के बाद उसके साथियों की भी पहचान की जाएगी।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News